विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP PCS Result 2025: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद किया प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, दोबारा होगी परीक्षा

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:48 PM (GMT+05:30)

UP PCS Results 2025 Cancelled: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए यूपी पीसीएस 2025 परीक्षा के परिणाम को रद कर दिया है। 

इलाहाबाद हाई कोर्ट

इलाहाबाद हाई कोर्ट 

HighLights

  1. कोर्ट का पीसीएस परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश, हजारों परीक्षार्थी होंगे प्रभावित

  2. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची बनाने और उसी आधार पर परीक्षा कराने का निर्देश

विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय में सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2025 का पहली दिसंबर 2025 को घोषित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम रद कर दिया है।

कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची बनाने और उसके आधार पर दोबारा मुख्य परीक्षा कराने तथा आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया है। इस निर्णय से हजारों परीक्षार्थियों के प्रभावित होने के आसार हैं।

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने यह फैसला संजय कुमार व तीन अन्य की याचिका पर सुनाया है। याचियों का कहना था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित सूची में शामिल नहीं किया गया। आयोग के हलफनामे के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा में ऐसे अभ्यर्थियों में 2,993 ओबीसी, 464 एससी, 155 एसटी और 921 ईडब्ल्यूएस वर्ग के थे। मुख्य परीक्षा में यह संख्या क्रमशः 579, 158, 5 और 168 रही।

आयोग व राज्य सरकार की दलील थी कि प्रारंभिक परीक्षा केवल छंटनी परीक्षा है और मेधावी आरक्षित अभ्यर्थियों का अनारक्षित श्रेणी में समायोजन अंतिम चयन के समय ही हो सकता है। कोर्ट ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि अनारक्षित श्रेणी हर चरण में सभी के लिए खुली है। इसे केवल आरक्षण का दावा न करने वालों तक सीमित करना मनमाना और असंवैधानिक है।

कोर्ट ने निर्देश दिया कि हर चरण में पहले विशुद्ध मेरिट से अनारक्षित सूची और उसके बाद आरक्षित वर्गों की सूचियां बनें। विज्ञापन की शर्त संख्या 19 भी रद्द कर दी गई। इसका आधार बना नौ जनवरी 2020 का आयोग का कार्यालय ज्ञाप पंकज वर्मा मामले में पहले ही निरस्त किया जा चुका है।

प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्तूबर 2025 को हुई थी और 11,727 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे। लगभग 200 पदों की इस भर्ती के साक्षात्कार सितंबर 2026 में शुरू हुए थे, लेकिन कोर्ट ने अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा रखी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।