UP PCS Interview 2025 : चयनित हुए तो कितना दहेज लेंगे...क्या मशीन पर छोड़ देंगे प्रशासन?
यूपीपीएससी में पीसीएस-2025 के साक्षात्कार शुरू हो गए हैं, जिसमें अभ्यर्थियों से दहेज, एआई के उपयोग, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और महिला सशक्तिकरण जैसे विविध विषयों पर सवाल पूछे जा रहे।

UP PCS Interview 2025 यूपी पीएससी में साक्षात्कार देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। जागरण
HighLights
पूछा गया कि एसडीएम-डीएसपी बने तो प्रशासनिक कार्यों में एआइ पर पूरी तरह निर्भर रहेंगे?
उप्र लोक सेवा आयोग में पीसीएस 2025 का सोमवार से शुरू हुआ साक्षात्कार, जुटे अभ्यर्थी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP PCS Interview 2025 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में पीसीएस-2025 के साक्षात्कार सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन अभ्यर्थियों का सामना अंतरराष्ट्रीय राजनीति, पश्चिम एशिया संकट, ऊर्जा सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), साइबर सुरक्षा, परिवहन, कृषि, महिला शिक्षा, दहेज और व्यक्तित्व से जुड़े सवालों से हुआ।
इजरायल-ईरान तनाव, पश्चिम एशिया का संकट, सऊदी अरब की भूमिका और होर्मूज जलडमरूमध्य से जुड़े सवाल पूछे गए। एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यदि वह चयनित हो जाते है तो कितना दहेज लेंगे। एक अन्य अभ्यर्थियों से पूछा कि यदि वे एसडीएम या डीएसपी बनते हैं तो क्या प्रशासनिक कार्यों के लिए एआई पर पूरी तरह निर्भर हो सकते हैं?
UP PCS Interview 2025 पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल 2297 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार दो पालियों में शुरू हुए। करीब 15 से 22 मिनट चले साक्षात्कार में बोर्ड ने एक ही विषय पर सवालों को आगे बढ़ाते हुए अभ्यर्थी की तार्किकता और व्यावहारिक समझ जांचने की कोशिश की। अभ्यर्थियों से होर्मूज के संभावित अवरोध से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल पूछे गए।
इसमें एक सवाल यह भी था कि किसी क्षेत्रीय संकट का असर भारत की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा जरूरतों पर किस तरह पड़ सकता है और ऐसी स्थिति में भारत की रणनीति क्या होनी चाहिए। एक अन्य अभ्यर्थी से पूछा पूछा गया कि प्रशासन में एआई लागू करते समय उसकी उपयोगिता और सीमाओं के बीच संतुलन कैसे बनाया जाएगा?
एक संभावित प्रशासनिक स्थिति भी सामने रखी गई कि अपनी तहसील में एआई का इस्तेमाल किन क्षेत्रों में करेंगे? साइबर क्षेत्र से जुड़े सवाल भी पूछे गए। इसमें साइबर वार क्या है और साइबर सिक्योरिटी क्या होती है? एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यदि कोई आरटीआई कार्यकर्ता बार-बार ऐसी सूचना मांगता है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा या संप्रभुता के हितों के प्रतिकूल हो अथवा आफिशियल सीक्रेट एक्ट के दायरे में आती हो, तो अधिकारी के रूप में आप स्थिति को कैसे संभालेंगे?
एशियाई खेलों में महिलाओं की सफलता पर भी सवाल
UP PCS Interview 2025 एशियाई में खेलों से जुड़े सवालों में एशियाई खेलों में महिला खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी सफलता पर अभ्यर्थियों से विचार मांगे गए। भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन और स्वर्ण पदकों के पीछे के कारणों पर भी सवाल हुए। महिला सशक्तीकरण, खेल सुविधाओं, सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण और सामाजिक बदलाव जैसे पहलुओं पर प्रश्न पूछे गए।
यह भी आए सवाल
वर्तमान में परिवहन क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं क्या हैं और सड़कों पर ई-रिक्शा से संबंधित कौन-कौन सी चुनौतियां हैं।
यदि ई-रिक्शा चालक मोटर वाहन अधिनियम और ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं तो अधिकारी के रूप में क्या कार्रवाई करेंगे
चीनी मिलों द्वारा किसानों को समय पर भुगतान न किए जाने की समस्या और इसके समाधान पर क्या राय है।
ई-गन्ना ऐप क्या है और इसका उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है?
फसल निगरानी, कीटनाशक और उर्वरक के छिड़काव, सर्वेक्षण तथा नुकसान के आकलन जैसे क्षेत्रों में ड्रोन की क्या भूमिका है।
बेटियों की पढ़ाई छूटने पर क्या करेंगे? बालिकाओं का स्कूल और कालेज में ड्रॉपआउट कम करने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?
बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने के लिए किन लोगों को मोटिवेट करेंगे?
प्रदेश का सबसे छोटा जिला कौन-सा है, तीन सबसे छोटे जिलों के नाम क्या हैं?
सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाला जिला कौन-सा है?
