विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Board Exam 2027 : यूपी बोर्ड ने परीक्षा के लिए 7526 केंद्रों की सूची जारी की, आपके जिले में कितने सेंटर बनें देखें यहां

By Amlendu Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 26 Oct 2026 09:30 PM (IST)

यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए 7526 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है।की

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है।की

HighLights

  1. 862 राजकीय, 3276 सहायता प्राप्त माध्यमिक और 3388 वित्त विहीन स्कूल बने केंद्र

  2. 2026 में ऑनलाइन माध्यम से 7448 केंद्र थे, सवा लाख परीक्षार्थी घटे पर 78 सेंटर बढ़े

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागरज। UP Board Exam 2027 हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। ऑनलाइन माध्यम से 7526 केंद्र बनाए हैं। इनमें 862 विद्यालय राजकीय, 3276 सहायता प्राप्त माध्यमिक और 3388 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं।

पिछले वर्ष की तुलना में केंद्रों की संख्या बढ़ गई है। 2026 की परीक्षा के लिए ऑनलाइन माध्यम से 7448 केंद्र ही बनाए गए थे। अब आपत्तियां निस्तारण के बाद जनपदीय समिति से अनुमोदित सूची में केंद्रों की संख्या पिछले वर्षों की तरह फिर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

UP Board Exam 2027 बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार तहसील स्तरीय समिति से प्रमाणित विद्यालयों की सूचनाओं के आधार पर परीक्षा केंद्रों (छात्र आवंटन सहित) की सूची सार्वजनिक करते हुए डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के परीक्षण तथा अनुमोदन के लिए वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

इन केंद्रों के संबंध में कोई आपत्ति/शिकायत हो तो विद्यालय के छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक साक्ष्य के साथ समिति के समक्ष निर्धारित प्रारूप पर आनलाइन प्रत्यावेदन यूपी बोर्ड के पोर्टल पर कर सकते हैं। इसके लिए 28 अक्तूबर तक का समय है। डीआइओएस आपत्तियों का परीक्षण कर जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित सूची बोर्ड की वेबसाइट पर छह नवंबर तक आनलाइन अग्रसारित करेंगे। यह सूची 16 नवंबर तक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। यदि इस पर भी कोई आपत्ति होती है तो 21 नवंबर तक उन आपत्तियों को स्वीकार किया जाएगा। 27 नवंबर तक अंतिम सूची अपलोड करने की समय सीमा तय की गई है।

इस बार 10वीं-12वीं में 5211570 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पिछले वर्ष 53,37,432 परीक्षार्थियों के लिए 7448 केंद्र बनाए गए थे। विचारणीय है कि परीक्षार्थियों की संख्या सवा लाख से अधिक घटने के बावजूद 78 केंद्र बढ़ा दिए गए हैं। इस वर्ष राजकीय और एडेड स्कूलों के केंद्र कम हुए हैं। वित्तविहीन स्कूलों की संख्या बढ़ी है। पिछले वर्ष 910 राजकीय, 3484 एडेड और 3054 वित्तविहीन स्कूल आनलाइन केंद्र बनाए गए थे। इस बार 862 राजकीय, 3276 एडेड और 3388 वित्तविहीन केंद्र हैं, अर्थात 334 वित्तविहीन विद्यालय अधिक केंद्र बने हैं।

सबसे अधिक केंद्र प्रयागराज में

UP Board Exam 2027 बोर्ड की ओर से जारी सूची के अनुसार सब से अधिक केंद्र प्रयागराज में बने हैं। यहां 269 स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। पिछले वर्ष यह संख्या 258 थी। दूसरे पायदान पर आजमगढ़ में 232 केंद्र बने हैं जबकि गाजीपुर में 187, जौनपुर में 181, गोरखपुर में 175, प्रतापगढ़ में 164, कुशीनगर में 162, आगरा में 161, देवरिया में 160, लखनऊ में 127, वाराणसी में 117 केंद्र हैं। सबसे कम महोबाद में 29 केंद्र हैं। शामली में 32, बागपत में 35 श्रावस्ती में 40, सोनभद्र में 66 केंद्र हैं।

यह भी पढ़ें- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में अमीर-गरीब का भेद खत्म करना जरूरी : सांसद चंद्रशेखर आजाद

यह भी पढ़ें- 'वोट से लेकर किसानों की उपज व युवाओं की नौकरी तक चोरी कर रही सरकार', प्रयागराज में दहाड़े राकेश टिकैत