विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PGT-TGT : पुरानी नियमावली से टीजीटी-पीजीटी में भर्ती हो, मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने प्रयागराज में किया प्रदर्शन

By Awadhesh Pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 24 Aug 2026 07:48 PM (IST)

प्रयागराज में प्रतियोगियों ने अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में 20 हजार टीजीटी-पीजीटी पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने अपर शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा और माध्यमिक शिक्षा निदेशक से आश्वासन मिला।

पुरानी नियमावली से टीजीटी-पीजीटी भर्ती की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन करते प्रतियोगी। सौ. प्रतियोगी

पुरानी नियमावली से टीजीटी-पीजीटी भर्ती की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन करते प्रतियोगी। सौ. प्रतियोगी

HighLights

  1. प्रतियोगियों ने शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर अपर शिक्षा निदेशक को दिया ज्ञापन

  2. माध्यमिक शिक्षा निदेशक से प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की, उनसे आश्वासन मिला

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) एवं प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के करीब 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग को लेकर प्रतियोगियों ने सोमवार को शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक को ज्ञापन दिया।

साथ ही हाई कोर्ट में माध्यमिक शिक्षा निदेशक के आने की सूचना पर प्रतिनिधिमंडल युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह की अगुवाई में उनसे मिलने हाई कोर्ट पहुंच गया। उनसे आश्वासन मिलने के बाद प्रतियोगियों ने पुन: अपर निदेशक से मिलकर पुरानी नियमावली से भर्ती के संबंध में प्रस्ताव भेजने की मांग की।

युवा मंच अध्यक्ष के अनुसार माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने आश्वासन दिया है कि अपर शिक्षा निदेशक की ओर से प्रस्ताव मिलने पर उसे शासन को भेजा जाएगा। प्रतियोगियों की मांग पर शिक्षा निदेशालय की ओर से कल 25 अगस्त को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया गया है। प्रतियोगी इस संबंध में ठोस प्रयास चाहते हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया में अचानक किए गए बदलाव से जो प्रतियोगी बाहर हो रहे हैं, उन्हें भी सम्मिलित होने का अवसर मिल सके।

16 सितंबर 2025 के गजट से भर्ती नियमों में किए गए बदलावों से सात लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित हो जाएंगे। इतना ही नहीं, नई भर्ती प्रक्रिया में सामान्य अध्ययन और माइनस मार्किंग जैसे नए प्रविधान भर्ती प्रक्रिया को जटिल बनाएंगे। प्रतियोगियों ने बताया कि प्रवक्ता पदों पर बीएड, प्राविधिक कला, हिंदी, अंग्रेजी और संगीत समेत विभिन्न विषयों की योग्यता संबंधी विसंगतियों का समाधान पुरानी नियमावली से ही संभव है। प्रदर्शन में बृजेश सिंह, अमित पांड्या, दीपा सिंह, सलिल मौर्य, राकेश अग्रहरि, कमलाकर सिंह आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।