प्रयागराज: पूर्व प्रधान सपा नेता हत्याकांड में तीन आरोपी हिरासत में, सरेराह गोली मारकर की थी हत्या
प्रयागराज के हंडिया में सपा नेता और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें
-1789545521780_m.webp)
HighLights
सपा नेता पवन कुमार यादव की हंडिया में गोली मारकर हत्या।
पुलिस ने प्रधान पति समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
चुनावी रंजिश और ठेकेदारी विवाद समेत कई एंगल पर जांच।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार शाम सपा नेता और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने प्रधान पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
बाइक सवार बदमाश हंडिया थाने से करीब 400 मीटर दूर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। सरेराह हत्याकांड से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। परिवार, समर्थक और समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों में गम व गुस्सा छा गया। कत्ल का कारण साफ नहीं है।
मुखबिरी, चुनावी रंजिश, ठेकेदारी का विवाद समेत कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने प्रधान पति विनोद समेत तीन को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
क्या है पूरा मामला
हंडिया के मुंगराव गांव निवासी 48 वर्षीय पवन कुमार यादव दो भाइयों में बड़े थे। वह पूर्व प्रधान और प्रधान संघ के अध्यक्ष थे। समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और क्षेत्र पंचायत सदस्य थे। वर्ष 2018 में भी पूर्व प्रधान पर बम से हमला हुआ था।

बताया गया है कि मंगलवार शाम वह अपनी ब्रेजा कार से घर से निकलकर कर्मनाशा मुहल्ला स्थित एक कैफे पर पहुंचे थे। वहां ब्लाक के कर्मचारी आकाश, आशीष और रोजगार सेवक, कुछ ग्राम प्रधान के साथ शौचालय का आवेदन करवाने के संबंध में बातचीत की।
शाम करीब साढ़े पांच बजे कैफे से निकलकर जब वह अपनी कार में बैठने लगे, तभी एक बाइक से तीन बदमाश आए। पिलर नंबर 52 के पास एक बदमाश ने पवन की पीठ में सटाकर गोली मार दी और फिर हवाई फायरिंग करके भाग निकले।

गोलियों की आवाज सुन लोग भागकर पहुंचे और जख्मी पवन को अलग-अलग निजी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर किया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, रिश्तेदार व परिवार के सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा व डीसीपी पहले घटना स्थल पर गए और फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। कहा गया है कि पवन को पीछे से एक गोली मारी गई थी, जो आर-पार हो गई थी।
परिवार की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं देर रात पुलिस ने मुंगराव गांव की प्रधान सुषमा के पति विनोद समेत तीन को पकड़ लिया है।

हेलमेट लगाकर बदमाशों ने की रेकी
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि स्पेलेंडर बाइक से तीन बदमाश आए थे। दो के सिर पर हेलमेट था, जबकि एक ने नहीं पहना था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पता चला कि हत्यारोपितों ने पवन की रेकी की थी। कैफे में बैठे रहने के दौरान भी बदमाश आए थे।
घटना का कारण साफ नहीं है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रधान पति सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। -कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी गंगानगर
यह भी पढ़ें- सपा नेता व पूर्व प्रधान की सरेशाम गोली मारकर हत्या, प्रयागराज में बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया
