विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब स्टेशनों पर लगेगा सेंसर युक्त 'स्मार्ट डस्टबिन', कूड़ा भरते ही एप पर जाएगा अलर्ट

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:54 PM (IST)

देश भर के रेलवे स्टेशनों पर अब पारंपरिक कूड़ेदानों की जगह इनबिल्ट कंपैक्टर और स्मार्ट आईओटी सेंसर से लैस 'वेस्ट कंपैक्टर स्मार्ट डस्टबिन' लगाए जाएंगे।

अब स्टेशनों पर लगेगा स्मार्ट डस्टबिन।

अब स्टेशनों पर लगेगा स्मार्ट डस्टबिन।

HighLights

  1. स्टेशनों पर लगेंगे इनबिल्ट कंपैक्टर वाले स्मार्ट डस्टबिन।

  2. आईओटी सेंसर से लैस, कचरा भरते ही भेजेगा अलर्ट।

  3. सौर ऊर्जा से संचालित, पर्यावरण-अनुकूल और स्वच्छ स्टेशन।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। देश भर के रेलवे स्टेशनों पर अब कूड़ेदानों से बाहर बिखरता कचरा और उससे उठती दुर्गंध बीते दिनों की बात हो जाएगी। स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए पुराने पारंपरिक कूड़ेदानों की जगह इनबिल्ट कांपैक्टर (कचरा दबाने की मशीन) से लैस आधुनिक 'वेस्ट कांपैक्टर स्मार्ट डस्टबिन' लगेंगे।

स्मार्ट आईओटी सेंसर से लैस यह कूड़ेदान भरते ही हर 30 मिनट में सफाई कर्मियों के मोबाइल एप व फ्लीट डैशबोर्ड पर अलर्ट भेजेगा, जिससे इनकी आसानी से सफाई हो जाएगी।

अभी सामान्य और खुले कूड़ेदान भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर सीमित क्षमता के कारण चंद घंटों में भर जाते थे और सफाई कर्मियों को डस्टबिन भरने की सटीक जानकारी नहीं मिल पाती थी। अब 200 लीटर से अधिक क्षमता वाले स्मार्ट कूड़ेदान रखे जाएंगे।

यह कूड़ेदार अंदर जमा होने वाले सूखे कचरे को स्वचालित तरीके से दबाकर (कंप्रेस कर) बेहद छोटा कर देगा। यह मशीन प्रतिदिन 100 चक्र तक कचरे को कंप्रेस करने में सक्षम है, जिससे सामान्य बिन की तुलना में इसमें कई गुना अधिक कचरा समा सकेगा। प्रायोगिक तौर पर रेलवे बोर्ड कैंटीन में दो ऐसे डस्टबिन का सफल परीक्षण किया जा चुका है।

स्टेशनों से निकलने वाले सूखे प्लास्टिक कचरे का अनियंत्रित बिखराव पर्यावरण के लिए एक बड़ा संकट रहा है। हवा और बारिश के साथ यह प्लास्टिक पटरियों से होते हुए स्थानीय जलस्रोतों और मिट्टी में मिलकर उन्हें प्रदूषित करता था। अब स्मार्ट बिन के कारण कचरा पूरी तरह सीलबंद रहेगा।

इसका संचालन सौर ऊर्जा (सोलर पावर) से भी होगा, जिससे हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और बिजली की बचत होगी। रेलवे बोर्ड की संयुक्त निदेशक (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग मैनेजमेंट) अमिता भल्ला ने बताया कि सभी जोन को इस स्मार्ट बिन को लगाने का निर्देश जारी कर दिया गया है।

यात्रियों की सहूलियत के लिए इसमें फुट पैडल दिया गया है, जिसे पैर से दबाते ही इनवर्ड-ओपनिंग फ्लैप यानी कूड़ेदान का मुंह खुलेगा। यह पूरी तरह वेदर-रेसिस्टेंट और मजबूत है, जिससे बारिश, धूप या बंदर-कुत्ते कचरे को बाहर नहीं बिखेर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी में महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए शुरू होगी 'सारथी दीदी', शहर से गांव तक कैब सेवा की भी तैयारी