विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रवास-संवाद से हिंदुत्व के एजेंडे को धार देंगे संत, एकजुटता के लिए विश्व हिंदू परिषद ने जमीनी स्तर पर बनाई रणनीति

By Sharad Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 09 Oct 2026 04:42 PM (IST)

संत और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) उत्तर प्रदेश में हिंदुत्व के एजेंडे को मजबूत करने और हिंदुओं को एकजुट करने ...और पढ़ें

जगदगुरु नारायणाचार्य स्वामी शांल्डिल्य महाराज।

जगदगुरु नारायणाचार्य स्वामी शांल्डिल्य महाराज।

HighLights

  1. हिंदुओं को एकजुट करने को चलाई जाएगी मुहिम

  2. गांव-कस्बों में प्रवास करके संवाद करेंगे धर्मगुरु

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रदेश का विधानसभा चुनाव निकट है। राजनीति दलों में आरोप-प्रत्यारोप ने जोर पकड़ लिया है। लच्छेदार बातों, लुभावने वादों से नेता जनता जनार्दन को रिझाने में जुटे हैं। इसके बीच हिंदुत्ववादी संगठनों की सक्रियता भी बढ़ गई है। जाति-वर्ग के नाम पर हिंदू बिखरे नहीं, उनकी एकजुटता के लिए विश्व हिंदू परिषद ने जमीनी स्तर पर रणनीति बनाई है। इसके ध्रुव में होंगे संत। वह प्रवास और संवाद करेंगे। वर्ग व पंथ से ऊपर उठकर हिंदुओं को एकजुट करेंगे। पर्दे के पीछे विहिप काम करेगी।

हिंदुओं को एकजुट करने पर जोर

श्रीराम मंदिर अयोध्या में चढ़ावा चोरी, यूजीसी के नियम, आरक्षण जैसे मुद्दों पर इधर हिंदू बंटे नजर आ रहे हैं। इसे दूर करने को संत प्रवास करेंगे। बीते 27 सितंबर को विहिप काशी प्रांत मार्गदर्शक मंडल की बैठक में हर सम्प्रदाय के संत शामिल हुए थे। इसमें हिंदुओं को एकजुट करने पर जोर दिया गया। देखा जाए तो संतों के आह्वान पर वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में हिंदुओं ने एकजुटता दिखाई थी। इसका सीधा फायदा भाजपा को मिला, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में हिंदू संविधान और आरक्षण के नाम पर बिखर गए थे।

लोगों से संवाद करके उनकी जिज्ञासा शांत करेंगे 

श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण के बावजूद ओबीसी, दलित और काफी सवर्णों ने भाजपा का समर्थन नहीं किया, जिसकी वजह से भाजपा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव प्रदेश में हिंदुत्ववादी सरकार बनाने के लिए संतों से गांव और कस्बों में प्रवास करके हिंदुओं से संवाद का आग्रह किया गया है। वह चढ़ावा चोरी, महंगाई, बेरोजगारी सहित हर मुद्दे पर लोगों से संवाद करके उनकी जिज्ञासा शांत करेंगे।

विहिप के प्रदेश प्रवक्ता क्या बोले? 

विहिप के प्रदेश प्रवक्ता शरद शर्मा कहते हैं कि हिंदुओं को बांटने और लड़ाने का कुचक्र रचा जा रहा है। इसको लेकर तमाम भ्रांतियां फैलायी जा रही है, जिसे दूर करना है। विहिप की हर मुहिम संतों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से चलती है। आगे भी वैसा ही होगा। इसे चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

बनाना है हिंदूवादी सरकार : शांल्डिल्य

जगदगुरु नारायणाचार्य स्वामी शांल्डिल्य महाराज कहते हैं कि केंद्र और प्रदेश में हिंदुत्ववादी सरकार होना जरूरी है। इसके लिए हिंदुओं को एकजुट किया जाएगा। नवरात्र के बाद हमारा गांव-कस्बों में प्रवास शुरू होगा। सनातन धर्मावलंबियों की हर जिज्ञासा शांत करके उन्हें हिंदुत्व के लिए काम करने वाली सरकार चुनने को प्रेरित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज नगर निगम भवन हादसा: जिस अभियंता की 'लापरवाही' से हुई घटना, जांच टीम के बनाए गए सदस्य

यह भी पढ़ें- 80 और 20 से बात आगे बढ़ गई, अब तो 20 में भी फूट पड़ गई...; डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने विपक्ष को घेरा