विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन पर देवदूत बनी आरपीएसएफ, चलती ट्रेन से फिसलीं दो महिला यात्रियों को जान पर खेलकर बचाया

By Amrish Manish ShuklaEdited By: Abhinaw Tripathi
Published: Mon, 28 Sep 2026 10:51 PM (IST)

प्रयागराज जंक्शन पर रविवार रात प्रयागराज एक्सप्रेस से फिसलने वाली दो महिला यात्रियों को आरपीएसएफ जवानों ने पांच मिनट के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रयागराज जंक्शन पर चलती ट्रेन से दो महिला यात्री फिसलीं।

  2. आरपीएसएफ जवानों ने साहस दिखाते हुए पांच मिनट में जान बचाई।

  3. रेलवे ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने की अपील।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रविवार रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब प्रयागराज एक्सप्रेस से फिसली दो महिला यात्री बाल-बाल बच गईं। मौके पर तैनात आरपीएसएफ जवानों ने साहस दिखाते हुए महज पांच मिनट के भीतर दोनों की जिंदगी बचा ली।

इटावा की रहने वाली रामदुलारी और सीता देवी ट्रेन से अलग-अलग यात्रा कर रही थीं। रविवार रात करीब 22:11 बजे ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म से रवाना हुई, रामदुलारी चलती गाड़ी से उतरने का प्रयास करने लगीं। गति पकड़ रही ट्रेन से उतरते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने से वह प्लेटफार्म व पटरी के बीच जा गिरीं।

उसी दौरान इटावा की ही सीता देवी को उनके सहयात्री चलती बोगी में चढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। हड़बड़ाहट में उनका पैर भी पायदान से फिसल गया और वह लटक गईं। प्लेटफार्म पर मौजूद स्टाफ ने फौरन दौड़कर सीता देवी को सुरक्षित खींच लिया।

उधर रामदुलारी को ट्रेन के नीचे जाता देख प्लेटफार्म पर चीख-पुकार मच गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित मीना ने बताया कि एएसआई महेश कुमार हरितवाल, आरक्षक प्रवेश कुमार और आरक्षक बसंत ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया और बोगी के नीचे घुसकर फंसी रामदुलारी को सकुशल बाहर निकाल लिया।

रात 10:11 से 10:16 बजे तक चले इस पांच मिनट के त्वरित बचाव अभियान ने दोनों महिलाओं को नई जिंदगी दी। दोनों जवानो को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पीआरओ अमित कुमार सिंह ने अपील की कि यात्री कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं, यह जानलेवा साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें- असिस्टेंट प्रोफेसर को तीन माह का नोटिस देकर हटाना गलत, इलाहाबाद HC ने प्रयागराज के मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणी की