प्रयागराज जंक्शन पर गूंजी किलकारी, महिला ने प्लेटफॉर्म पर बच्ची को दिया जन्म
प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से एक गर्भवती महिला ने प्लेटफॉर्म पर स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

प्रयागराज जंक्शन पर जच्चा-बच्चा की मदद करती आरपीएफ की उपनिरीक्षक उषा मौर्य
HighLights
आरपीएफ की सतर्कता से गर्भवती महिला को मिली समय पर मदद।
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ।
मां और नवजात बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, दोनों स्वस्थ।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की सतर्कता और मानवीय पहल से एक गर्भवती महिला को समय पर मदद मिली। महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। आरपीएफ ने दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
घटना 29 सितंबर की है। जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर उपनिरीक्षक कार्तिक मिश्रा और उपनिरीक्षक उषा मौर्य गश्त पर तैनात थे। तभी उनकी नजर 28 वर्षीय बसंती नाम की महिला पर पड़ी, जो प्रसव पीड़ा से कराह रही थी।
मां और बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ कर्मियों ने बिना देर किए महिला की मदद शुरू की। इसी दौरान महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही बच्ची को जन्म दे दिया।
आरपीएफ ने तुरंत मेडिकल टीम को सूचना दी। डॉ. नूपुर पांडे फौरन मौके पर पहुंचीं और मां व नवजात शिशु की प्राथमिक जांच कर जरूरी उपचार दिया। शुरुआती देखरेख के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार मां और बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
