सड़क से मंडी तक गुंडई... छोटी-छोटी बात पर कर रहे अधमरा, अपराधी दे रहे धमकी, प्रयागराज की कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
प्रयागराज में अपराध की घटनाएं नहीं रुक रही हैं अपराधियों में कानून का डर नहीं रह गया है। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट और छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने मामले तो दर्ज किए हैं लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वे खुलेआम घूम रहे हैं। ऐसी कुछ घटनाओं का यहां जिक्र किया जा रहा है।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर से गांव तक आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। छोटी-छोटी बात पर भी लोगों को पीटकर अधमरा और घायल कर दिया जा रहा है। सरेराह लड़कियों से छेड़खानी हो रही है तो दुकान पर चढ़कर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी जा रही है। पिछले कुछ दिनों में कई ऐसी घटनाएं हुई, जिससे जनसामान्य व्यक्ति खुद को पूरी तरह से सुरक्षित नहीं मान रहे हैं।
सड़क से सब्जी मंडी तक में गुंडई नजर आई, जहां हमला करके तीन लोगों को घायल कर दिया गया। अपराध करने वालों में कानून का खौफ नहीं दिख रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा तो कायम किया, लेकिन जल्द गिरफ्तारी न होने से आरोपित मनबढ़ होकर शहर में घूमते रहते हैं। इसको लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।
प्रतियोगी छात्र पर तमंचे की बट से किया हमला
मम्फोर्डगंज में रहने वाला रवि प्रकाश सिंह दो दिन पहले सब्जी लेने के लिए फौव्वारा चौराहे की तरफ गया था। आरोप है कि जब वह सब्जी ले रहा था, तभी राजन पांडेय, शुभम, राहुल सहित कई युवक आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए म्योराबाद जाने का रास्ता पूछा। रवि ने गाली देने का विरोध किया तो तमंचे के बट से रवि प्रकाश का सिर फोड़ दिया। इसके बाद ईंट-पत्थर और लोहे की राड से हमला करके अधमरा कर दिया या। यह देख आसपास के लोग आए तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने राजन, शुभम, राहुल सहित कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम किया, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
चंदा नहीं देने पर किया लहूलुहान, भर्ती
गणेश चतुर्थी के लिए दोबारा चंदा नहीं देने पर कुछ लोगों ने अंचित जायसवाल को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी अंचित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुट्ठीगंज निवासी प्रियंका जायसवाल का कहना है उनके पति अंचित सामान लेने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान रजत सहित कई युवक आए और चंदा मांगा। पति ने कहा कि एक बार चंदा दे चुके हैं, दोबारा नहीं देंगे। इस पर गाली-गलाैज करते हुए मारपीट की। उसके भाई से शिकायत करने पर अंचित को साथ ले गए और फिर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रियंका की तहरीर पर मुट्ठीगंज पुलिस मुकदमा कायम कर जांच कर रही है।
किसान को बेरहमी से पीटा, वीडियो प्रसारित
मुंडेरा सब्जी मंडी में कोखराज कौशांबी मो. आसिफ को कुछ लोगों ने बेरहमी से पीटा। इसके बाद पिटाई का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। आसिफ का कहना है कि वह खीरा लेकर मंडी पहुंचा था, इसके बाद एक आढ़त पर बेच दिया। इस बात से नाराज मिजान, सलमान, इरफान, रिशू व पांच अन्य लोग आए और फिर गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटा। करीब 35 हजार रुपये और मोबाइल चुरा लिया। पिटाई का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से रिश्तेदारों को भी भेज दिया। पिटाई से जख्मी आसिफ ने धूमनगंज थाने में मिजान, सलमान, इरफान, रिशू व कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया है। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
छात्रा से छेड़खानी करने वाले अभी तक फरार
पूरामुफ्ती में स्कूल जाते वक्त एक छात्रा से छेड़खानी करने और जान से मारने की धमकी देने वाला अभी तक फरार है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपित की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार परेशान हैं। वहीं, सरायइनायत में बच्ची से दुष्कर्म करने की घटना हुई थी। ट्रक चालक ने मासूम बच्ची को हैवानियत का शिकार बनाया था। उधर, करछना में ग्राम प्रधान माधवेंद्र नारायण से कुछ लोगों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर करछना पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।