विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में 27 अगस्त से बारिश में कमी आएगी, एक सप्ताह उमस करेगी परेशान; सितंबर में फिर अच्छी वर्षा होगी

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Wed, 26 Aug 2026 12:34 PM (GMT+05:30)

प्रयागराज में 27 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अगले एक सप्ताह तक उमस लोगों को परेशान ...और पढ़ें

HighLights

  1. 25 अगस्त की रात में हुई बारिश व सुबह भी छाए रहे बादल

  2. दोपहर में निकली धूप, तेज उमस करने लगी लोगों को परेशान

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मानसून की सक्रियता के बीच प्रयागराज में मौसम का मिजाज आज बुधवार को भी बदला-बदला रहा। 25 अगस्त की रात से सुबह तक रुक-रुककर बूंदाबांदी और बारिश का सिलसिला जारी रहा। हालांकि दिन निकलने के बाद बारिश थम गई और कई दिन बाद धूप निकली। आसमान में बादलों और सूर्य की लुकाछिपी चलती रही। वातावरण में नमी अधिक होने व धूप के कारण उमस का असर भी बना रहा। लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी।

24 घंटे में 21.7 मिमी हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रयागराज में 21.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार सुबह आर्द्रता 92 प्रतिशत रही, जिससे वातावरण में नमी काफी अधिक महसूस की गई। वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को भी सामान्यतः आसमान में बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अगस्त में अब तक 630 मिमी वर्षा हो चुकी 

अगस्त में अब तक प्रयागराज में करीब 630 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश से जहां मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। वहीं शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आ रही है। बारिश के बाद सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कल से बदलेगा मौसम, बढ़ेगी उमस 

मौसम विभाग के अनुसार कल 27 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। 27 और 28 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 29 और 30 अगस्त को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

सितंबर में भी होगी अच्छी बारिश 

बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ अगले करीब एक सप्ताह तक उमस लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने सितंबर में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में मानसून की पूरी तरह विदाई से पहले प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं।

यह भी पढ़ें- माघ मेला-2027 में पहली बार यमुना पर बनेगा दो पीपा पुल, अरैल से आने वाले श्रद्धालुओं को संगम पहुंचने में होगी सुविधा

यह भी पढ़ें- SSC Stenographer Result 2025 : स्टेनोग्राफर ग्रेड सी व डी परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी, 1715 अभ्यर्थी चयनित