SSC Stenographer Result 2025 : स्टेनोग्राफर ग्रेड सी व डी परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी, 1715 अभ्यर्थी चयनित
SSC Stenographer Result 2025 कर्मचारी चयन आयोग ने स्टेनोग्राफर ग्रेड सी व डी परीक्षा का अंतिम परिणाम में कुल 1715 ...और पढ़ें

SSC Stenographer Result 2025 स्टेनोग्राफर ग्रेड सी व डी परीक्षा में 1715 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
HighLights
स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ के लिए 232 व ग्रेड ‘डी’ के लिए 1483 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई
आयोग ने 31 जुलाई को प्रथम चरण की अस्थायी आवंटन सूची (एफआरटीए) जारी की थी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। SSC Stenographer Result 2025 कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ एवं ग्रेड ‘डी’ परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 1715 अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए अनंतिम रूप से शार्टलिस्ट किया गई है। इसमें स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ के लिए 232 और ग्रेड ‘डी’ के लिए 1483 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है। आयोग ने इससे पहले 31 जुलाई को प्रथम चरण की अस्थायी आवंटन सूची (एफआरटीए) जारी की थी।
उसके बाद अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से स्लाइडिंग/पहचान सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होना था, जो संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में 11 और 12 अगस्त को आयोजित की गई। इस प्रक्रिया में जो अभ्यर्थी शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हुए, उन्हें अनुपस्थित मानते हुए अंतिम परिणाम में शामिल नहीं किया गया।
SSC Stenographer Result 2025 अंतिम आवंटन प्रक्रिया में 1055 अभ्यर्थियों ने स्थाई (फिक्स) विकल्प चुना, जबकि 549 अभ्यर्थियों ने फ्लोट विकल्प का चयन किया। स्लाइडिंग और पहचान सत्यापन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों के कारण रिक्त हुई सीटों के सापेक्ष 111 नए आवंटन किए गए। इस प्रकार कुल 1715 अभ्यर्थियों का अंतिम आवंटन किया गया।
आयोग के अनुसार पदों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, आनलाइन भरी गई पदों की प्राथमिकता तथा स्लाइडिंग/पहचान सत्यापन के दौरान चुने गए फिक्स या फ्लोट विकल्प के आधार पर किया गया है। ग्रेड-सी में 232 पदों के लिए 232 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई, जबकि ग्रेड-डी में 1483 पदों के लिए 1483 अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया गया।
ग्रेड सी के चयनित अभ्यर्थियों को केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण, वित्त मंत्रालय के अधीन सीबीआईसी, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय के इंटेलिजेंस ब्यूरो, निर्वाचन आयोग, रक्षा मंत्रालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित अन्य विभागों में आवंटन किया गया है।
SSC Stenographer Result 2025 ग्रेड डी के अभ्यर्थियों का आवंटन केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण, संसद कार्य मंत्रालय, सीबीआइसी, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, निर्वाचन आयोग, सीबीआइ, डाक विभाग, ईपीएफओ, रेलवे बोर्ड, आयकर विभाग सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में किया गया है। एसएससी ने कोई रिजर्व या प्रतीक्षा सूची तैयार नहीं की है।
