विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क पर बाइक सवार का स्टंट देखना पड़ा भारी: प्रयागराज में बेकाबू बोलेरो ने भीड़ को रौंदा, शिक्षक की मौत व तीन गंभीर

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 19 Sep 2026 01:11 PM (IST)

प्रयागराज के हंडिया में हाईवे पर खतरनाक बाइक स्टंट देख रही भीड़ को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। इस ...और पढ़ें

प्रयागराज के गंगापार स्थित हंडिया में सड़क हादसे में शिक्षक की मौत हो गई।

प्रयागराज के गंगापार स्थित हंडिया में सड़क हादसे में शिक्षक की मौत हो गई।

HighLights

  1. हंडिया के सैदाबाद स्थित बंगहा रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को हुई घटना

  2. हाईवे किनारे खड़े होकर एक युवक का खतरनाक बाइक स्टंट देख रहे थे लोग

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के हंडिया में हाईवे पर जानलेवा स्टंटबाजी का शौक और उसे तमाशबीन बनकर देखने की आदत एक बार फिर बड़े हादसे का सबब बन गई। सैदाबाद स्थित बंगहा रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हाईवे किनारे खड़े होकर एक युवक का खतरनाक बाइक स्टंट देख रहे लोगों को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। इस भीषण टक्कर में एक 55 वर्षीय शिक्षक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि स्टंटबाज युवक समेत तीन अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

हाईवे पर चल रहा था जानलेवा तमाशा

घटना शुक्रवार की है। भदोही जिले के ओझापुर का रहने वाला 22 वर्षीय आशीष जायसवाल अपनी बाइक से बंगहा रेलवे ओवरब्रिज के समीप नेशनल हाईवे पर खतरनाक करतब दिखा रहा था। तेज रफ्तार में बाइक के पहिए उठाना और खतरनाक तरीके से लहराना देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के कदम ठिठक गए। कुछ ही देर में सड़क किनारे कई बाइक सवार अपनी गाड़ियां खड़ी कर उस खतरनाक स्टंट का तमाशा देखने लगे। किसी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस स्टंट को वे कौतूहल और मनोरंजन समझकर देख रहे हैं, वही अगले कुछ ही पलों में मौत का कारण बन जाएगा।

तेज रफ्तार बोलेरो बनी काल

हाईवे पर तमाशबीनों की भीड़ जमा थी और आशीष स्टंट कर रहा था। उसी दौरान वाराणसी की ओर से प्रयागराज की तरफ बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक जब तक वाहन पर काबू पाता, तब तक बेकाबू गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े लोगों और स्टंट कर रहे युवक पर जा चढ़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़ी कई मोटरसाइकिलें दूर जा गिरीं और लोग लहूलुहान होकर सड़क पर बिखर गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े।

शिक्षक की सांसें थमीं, तीन की हालत नाजुक

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हंडिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस और पुलिस वाहनों के जरिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदाबाद भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जौनपुर जिले के सिकरारा निवासी 55 वर्षीय संजय सिंह को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बहने और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

बाइक से स्टंट कर रहा युवक भी घायल

वहीं, हादसे में बाइक स्टंट कर रहा युवक आशीष जायसवाल, मृतक शिक्षक के साथी प्रदीप मिश्र और हंडिया के डिघरी निवासी संजय सिंह उर्फ दीपू (पुत्र गुणराज सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज शहर के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) रेफर कर दिया गया।

भदोही के स्कूल में तैनात थे शिक्षक

जांच में सामने आया कि हादसे का शिकार हुए 55 वर्षीय मृतक संजय सिंह पेशे से शिक्षक थे। वह भदोही जिले के कोइरौना क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय खेमापुर में बच्चों को पढ़ाते थे। शुक्रवार को वह अपने साथी प्रदीप मिश्र के साथ बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में भीड़ देखकर वे भी कुछ देर के लिए रुक गए थे, लेकिन यह ठहराव उनके जीवन का आखिरी सफर साबित हुआ। संजय सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। विद्यालय के शिक्षकों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई और सबक

हंडिया पुलिस ने मृतक शिक्षक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और बोलेरो चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा एक बड़ा सबक छोड़ जाता है कि हाईवे रफ्तार के लिए बने हैं, करतब दिखाने के लिए नहीं। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना जितना गैरकानूनी और जोखिम भरा है, उतना ही खतरनाक ऐसे तमाशों को देखने के लिए रुकना भी है। थोड़ी सी लापरवाही किसी के पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे जाती है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज की रहने वाली आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की झारखंड में हत्या, शव घर लाया गया तो मचा कोहराम

यह भी पढ़ें- विधायक पूजा पाल से साइबर ठगी, बैंक खाते से साइबर अपराधी ने 1.55 लाख रुपये उड़ाए