प्रयागराज में बढ़ेगी इलेक्ट्रिक बसों की संख्या, तीन एकड़ में बनेगा हाईटेक ई-बस डिपो
प्रयागराज में पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-बसों का संचालन बढ़ाने की तैयारी है। इसके तहत फाफामऊ में तीन एकड़ में 50 से अधिक ई-बसों की क्षमता वाला डिपो बनेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
प्रयागराज में ई-बसों का संचालन बढ़ाने की तैयारी।
फाफामऊ में तीन एकड़ में ई-बस डिपो बनेगा।
पीडीए 50 से अधिक ई-बसों हेतु जमीन उपलब्ध कराएगा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शहर में ई-बसों का संचालन बढ़ाने की तैयारी है। आने वाले दिनों में प्रयागराज में ई-बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसे देखते हुए फाफामऊ में तीन एकड़ क्षेत्रफल में ई-बस डिपो विकसित किया जाएगा।
डिपो के लिए जमीन प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) उपलब्ध कराएगा। यहां एक साथ 50 से अधिक ई-बसों को खड़ा किया जा सकेगा। पिछले दिनों हुई पीडीए बोर्ड की बैठक में जमीन देने पर मुहर लग चुकी है।
शहर में प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए ई-बसों के संचालन पर जोर दिया जा रहा है। वर्तमान व्यवस्था और भविष्य में बढ़ने वाली बसों की संख्या को देखते हुए नए डिपो की आवश्यकता महसूस की गई है।
50 से अधिक बसों को एक साथ रखने की होगी क्षमता
फाफामऊ में प्रस्तावित डिपो से ई-बसों के संचालन, खड़े करने और उनकी आवश्यक व्यवस्थाओं को एक स्थान पर व्यवस्थित किया जा सकेगा। डिपो फाफामऊ थाना के पास लखनऊ मार्ग के बगल बनेगा।
तीन एकड़ में विकसित होने वाले डिपो में 50 से अधिक बसों को एक साथ रखने की क्षमता होगी। इससे ई-बसों के बेड़े का विस्तार होने पर उनके संचालन में आसानी होगी। डिपो में ही चार्जिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। साथ ही बसों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की सुविधा मिलने से सड़क किनारे बसों के अनावश्यक ठहराव की समस्या भी कम होगी।
पीडीए के सचिव विनीत कुमार सिंह ने बताया कि फाफामऊ में डिपो बनने के बाद शहर और आसपास के विस्तारित क्षेत्रों में ई-बसों के संचालन को गति मिल सकेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
