विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में 654 करोड़ रुपये से बनेगा ग्रीनफील्ड लग्जरी होटल, 'ताज गेटवे' ब्रांड करेगा संचालन

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:17 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद ने प्रयागराज में 654.61 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीनफील्ड लग्जरी होटल परियोजना को मंजूरी दी है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. प्रयागराज में 654 करोड़ का ग्रीनफील्ड लग्जरी होटल बनेगा।

  2. एकावो हॉस्पिटेलिटी द्वारा ताज गेटवे ब्रांड के तहत संचालन।

  3. शहर में पर्यटन और आतिथ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रयागराज के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। मंत्रिपरिषद ने एकावो हॉस्पिटेलिटी प्राइवेट लिमिटेड की ग्रीनफील्ड लग्जरी होटल परियोजना को भी मंजूरी प्रदान की है।

कंपनी द्वारा प्रयागराज विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 654.61 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त लग्जरी होटल स्थापित किया जाएगा। प्रस्तावित होटल में लगभग 158 कमरे एवं सुइट्स विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा बैंक्वेट, रेस्टोरेंट और एकीकृत वाणिज्यिक परिसर भी बनेगा। होटल का संचालन इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड द्वारा ताज समूह के गेटवे ब्रांड के तहत किया जाएगा। इससे जिले में उच्चस्तरीय आतिथ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ ही शहर के होटल व पर्यटन संबंधी क्षमताओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित लग्जरी होटल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। यहां उत्कृष्ट डाइनिंग हाल, बैंक्वेट, एक्जीबिशन हाल, जिम, स्विमिंग पूल, रिटेल और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन सुविधाओं के माध्यम से होटल में ठहरने वाले अतिथियों के साथ-साथ आयोजनों, व्यावसायिक गतिविधियों और मनोरंजन के लिए आने वाले लोगों को भी बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने की योजना है।

होटल में बैंक्वेट एवं एक्जीबिशन हाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से विवाह समारोहों, सामाजिक आयोजनों, व्यावसायिक बैठकों और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी एक आधुनिक केंद्र विकसित होगा। वहीं, रेस्टोरेंट, रिटेल और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाएं इसे एकीकृत वाणिज्यिक एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायक होंगी।

पर्यटन व आतिथ्य क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा

संगमनगरी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। यहां आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए उच्चस्तरीय होटल सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रस्तावित लग्जरी होटल परियोजना से शहर में आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने के साथ ही पर्यटन व सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। साथ ही होटल के संचालन और उससे जुड़ी सेवाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। खानपान, परिवहन, इवेंट मैनेजमेंट, रिटेल और अन्य संबंधित सेवाओं से जुड़े कारोबारों को भी लाभ मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- TGT-PGT भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन प्रयागराज में तेज, बैरियर हटाकर शिक्षा निदेशालय परिसर में घुसे; रास्ताजाम किया