विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज वासियों को मिलेगी बड़ी सौगात, शहर में बनेंगे 30 नए ओपन एयर जिम

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:59 AM (IST)

प्रयागराज में शहरवासियों को स्वस्थ रखने के लिए 30 नए स्थानों पर ओपन एयर जिम स्थापित किए जाएंगे, जिस पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. प्रयागराज में 30 नए ओपन एयर जिम स्थापित होंगे।

  2. इन पर एक करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा।

  3. सार्वजनिक स्थलों पर मुफ्त व्यायाम की सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहरवासियों को स्वस्थ रहने के लिए अब घर से दूर जिम जाने की जरूरत नहीं होगी। नगर निगम शहर के 30 नए स्थानों पर ओपन एयर जिम स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी।

पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर बनने वाले इन जिम में विभिन्न प्रकार के व्यायाम उपकरण लगाए जाएंगे, जहां लोग खुले वातावरण में नियमित कसरत कर सकेंगे।

नगर निगम ने इसके लिए स्थानों के चयन और अन्य तैयारियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके पहले स्मार्ट सिटी मिशन के तहत नगर निगम के 100 वार्डों में 397 स्थानों पर ओपन एयर जिम की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।

ओपन एयर जिम में लोगों को बिना किसी शुल्क के व्यायाम की सुविधा मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग आयु वर्ग को ध्यान में रखते हुए उपकरण लगाए जाएंगे। इससे युवाओं के साथ बुजुर्ग और महिलाएं भी अपने आसपास ही व्यायाम कर सकेंगे।

सुबह-शाम पार्कों में टहलने आने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि शहर में सार्वजनिक स्थलों को लोगों के लिए अधिक उपयोगी बनाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। जिम स्थापित होने के बाद लोगों को नियमित व्यायाम के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड के शूटर अरमान को गया से प्रयागराज लाई पुलिस, आज जिला कोर्ट में होगी पेशी