प्रयागराज के मेजारोड स्टेशन के समीप मिला किशोर का शव, शरीर पर चोट के निशान; रंजिश में हत्या का आरोप
प्रयागराज के मेजारोड रेलवे स्टेशन के पास 14 वर्षीय किशोर समीर का शव मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान ...और पढ़ें

प्रयागराज में मेजारोड स्टेशन के पास किशोर का शव मिलने पर पड़ताल करती पुलिस व जुटे लोग। जागरण
HighLights
यमुनापार में मेजारोड स्टेशन के पास शव मिला
घरवालों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया
एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार के मेजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मेजारोड रेलवे स्टेशन के पास 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर चोट के निशान थे। किशोर की टी-शर्ट फटी थी। घरवालों ने कई लोगों पर पुरानी रंजिश को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर दी है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
मेजारोड स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार के समीप रेलवे चारदीवारी के पास बकरियां चराने गए ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह शव देखा। जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मेजा के पाती गांव निवासी था समीर
मृतक किशोर की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के पाती गांव के रहनेवाले राजाराम के 14 वर्षीय बेटे समीर के रूप में हुई। वह सोमवार दोपहर 12 बजे घर से निकला था। वह कहां गया इसकी किसी जानकारी नहीं थी। रात में घर न लौटने पर स्वजन ने खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
खेत के किनारे झाड़ी में मिला शव
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने समीर का शव खेत के किनारे झाड़ियों में पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। समीर के चेहरे पर रुमाल बंधा हुआ था और उसकी शर्ट भी फटी हुई थी, जिससे छीना-झपटी या मारपीट की आशंका जताई जा रही है।
एक व्यक्ति पुलिस हिरासत में
मां अनीता ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। समीर एक भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। पिता राजाराम मजदूरी करते हैं। घटना के दौरान वह काम पर गए थे। मां की शिकायत और आरोप के आधार पर पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
क्या कहते हैं मेजारोड थाना प्रभारी?
इस संबंध में मेजा थाना प्रभारी मेजा दीनदयाल सिंह ने बताया कि किशोर के परिवार के सदस्यों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोप में गांव के एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर जांच शुरू की गई है।
