ईमेल के एक धमकी भरे मैसेज ने प्रधान डाकघर में मचा दी खलबली, जांच में कुछ नहीं निकला तो मिली राहत
प्रयागराज के प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप ...और पढ़ें

प्रयागराज के प्रधान डाकघर व पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी के बाद बंद किया गया मुख्य द्वार। जागरण
HighLights
धमकी मिलने के बाद अफसर-कर्मचारी बाहर भागे थे
बीडीएस, डाग स्क्वायड संग पुलिस ने चलाया सर्च आपरेशन
परिसर में मची अफरातफरी, नहीं मिला कोई विस्फोटक पदार्थ
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बुधवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से खलबली मच गई थी। धमकी भरा ईमेल आने के बाद अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय छोड़कर बाहर भाग निकले। पुलिस के साथ ही सुरक्षा-एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
विस्फोटक पदार्थ नहीं मिलने पर राहत
आनन-फानन पुलिस टीम बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डाग स्क्वायड के साथ सिविल लाइंस स्थित प्रधान डाकघर पहुंची। कार्यालय, परिसर सहित अन्य स्थानों पर सर्च आपरेशन चलाया। कोई भी संदिग्ध वस्तु और विस्फोटक पदार्थ नहीं मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। हालांकि ऐसी हरकत करने वाले की पुलिस तलाश कर रही है।
दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर फटेंगे...
सिविल लाइंस में प्रधान डाकघर और उसी परिसर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का कार्यालय है। बताया गया है कि बुधवार सुबह करीब पौने आठ बजे सौरभ विश्वास नामक एक व्यक्ति की ओर से हाटमेल के जरिए पोस्ट रीजनल पोस्ट आफिस को धमकी भरा ईमेल भेजा गया। इसमें लिखा था कि डाक परिसर, पासपाेर्ट कार्यालय, वाशरूम में 19 सायनाइड गैस से भरे ड्रम रखे गए हैं, जो दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर फटेंगे।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
करीब 10 बजे ईमेल पढ़ने के बाद धमकी का पता चलते ही डाक विभाग, पासपोर्ट सेवा केंद्र के अधिकारियों, कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग वहां से बाहर भाग निकले। अपने-अपने काम से आए लोग भी वहां से हट गए। धमकी की खबर मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और अपने-अपने स्तर पर इनपुट जुटाने लगीं।
बाद में शुरू हुआ विभागीय कामकाज
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव भी पुलिस फोर्स, बीडीएस और डाग स्क्वायड के साथ प्रधान डाकघर पहुंचे। सभी टीमों ने करीब पौन घंटा तक सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु और विस्फोटक सामाग्री नहीं मिली। तब सभी ने राहत की सांस ली और विभागीय कामकाज शुरू हुआ।
क्या बोले पोस्टमास्टर जनरल?
पोस्टमास्टर जनरल राजीव उमराव का कहना है कि धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना दी गई थी। ईमेल लखनऊ कार्यालय भेजा गया था। यहां के कार्यालय और परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया कि धमकी का मैसेज जनरल था। एहतियातन चेकिंग करवाई गई, लेकिन कोई विस्फोट सामाग्री नहीं मिली।
