प्रयागराज में सेना की जमीन से अवैध कब्जा हटाएगा PDA, बसेगी नई हाईटेक टाउनशिप
प्रयागराज विकास प्राधिकरण यमुनापार के इरादतगंज में सेना की 400 बीघे से अधिक जमीन पर टाउनशिप बनाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पीडीए यमुनापार इरादतगंज में सेना की जमीन पर टाउनशिप बनाएगा।
सेना की 400 बीघे से अधिक जमीन पर अवैध कब्जे।
सितंबर से अवैध कब्जों को हटाने का अभियान शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सेना की जमीन पर यमुनापार क्षेत्र में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) टाउनशिप बनाने की योजना तैयार कर रहा है।। इसके लिए इरादतगंज में सेना की 400 बीघे से अधिक जमीन ली जाएगी।
इरादतगंज में विकसित होने वाली इस टाउनशिप के लिए चिन्हित जमीन पर बड़ी संख्या में लोगों ने अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया है। अब प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) इन अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई करेगा। सेना की ओर से जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए पीडीए में पत्र भेजा गया है। पीडीए की ओर से अवैध कब्जा हटाने की कार्य योजना बनाई जा रही है। सितंबर में अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
टाउनशिप के लिए सेना की जमीन लिए जाने की प्रक्रिया के बीच अवैध कब्जे सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई हैं। जमीन पर लंबे समय से लोगों के कब्जे और निर्माण की जानकारी मिलने के बाद सेना की ओर से पीडीए को पत्र भेजा गया है।
60 से 70 लोग टाउनशिप वाले क्षेत्र में अवैध निर्माण कर लिए हैं। किसी ने मकान बनाया है तो किसी ने दुकान तैयार कर लिया है। पीडीए के जोनल अधिकारी ने बताया कि संबंधित जमीन का निरीक्षण कर अवैध कब्जों को चिह्नित किया गया है।
कब्जा हटाने के लिए संबंधित लोगों को नियमानुसार नोटिस भेजा जाएगा। निर्धारित अवधि में कब्जा नहीं हटाने पर पीडीए की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि सेना की ओर से कब्जा हटाने के लिए पत्र कुछ दिन पहले आया है जल्द ही अवैध निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पद्म आवासीय योजना के लिए अक्टूबर में होगा भूमि पूजन
माफिया अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान के पास पीडीए पद्म नाम से आवासीय योजना शुरू करेगा। आवासीय योजना के लिए भूमि पूजन अक्टूबर में किया जाएगा। लगभग 10 हजार वर्ग मीटर में आवासीय योजना शुरू की जाएगी। इस आवासीय योजना में टू बीएचके के 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। एक फ्लैट की कीमत 25 लाख रहेगी। आठ लिफ्ट लगाई जाएगी।
