प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबियों की अवैध प्लॉटिंग पर चला PDA का बुलडोजर, 26 बीघा जमीन कराई मुक्त
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शहर के बाहरी इलाकों में माफिया अतीक अहमद के करीबी खालिद जफर सहित अन्य की ...और पढ़ें

कालिंदीपुरम स्थित खालिद जफर के अवैध कार्यालय को पीडीए के बुलडोजर ने ढहाया
HighLights
पीडीए ने 26 बीघा अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया।
माफिया अतीक अहमद के करीबी खालिद जफर का कार्यालय ध्वस्त।
प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के बाहरी इलाकों में बिना अनुमति जमीन काटकर कॉलोनी बसाने वालों पर पीडीए ने शुक्रवार को कड़ा प्रहार किया। जोन-झलावा ओर पीपल गांव क्षेत्र में एक ही दिन में करीब 26 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला।
सड़क, प्लाट और अन्य निर्माण कर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने के साथ कालिंदीपुरम में प्राधिकरण की जमीन पर बने रियल एस्टेट कार्यालय को भी ढहा दिया गया। जोनल अधिकारी सूरज पटेल के नेतृत्व में पीडीए की प्रवर्तन टीम ने धूमनगंज और एयरपोर्ट थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया।
सबसे पहले धूमनगंज के शद्दाब चौराहा, कालिंदीपुरम में कार्रवाई की गई। यहां माफिया अतीक अहमद का करीबी और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित खालिद जफर की ओर से प्राधिकरण की 200 वर्गमीटर से अधिक भूमि पर बनाए गए रियल एस्टेट कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया।

माफिया की शहर पर इसने पीडीए की दो करोड़ रुपये से अधिक कीमती जमीन पर कब्जा करके कार्यालय तैयार किया था। इसके बाद टीम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भीटी असदुल्लापुर, शाह उर्फ पीपलगांव पहुंची। यहां खालिद जफर की ओर से करीब आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया गया।
इसी क्षेत्र में डॉ. कमरान, इमरान, जिशान उर्फ जानू और मो. नूह की ओर से करीब 10 बीघा भूमि पर की गई प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। इसके बाद यूनाइटेड मेड सिटी के सामने रावतपुर में कार्रवाई की गई।
यहां फैज, मकसूद और मकबूल की ओर से करीब आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी सूजर पटेल, अवर अभियंता ई. विनोद कुमार गुप्ता, पीडीए लेखपाल, सुपरवाइजर, प्रवर्तन टीम और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
