प्रयागराज में पद्मलोक आवासीय योजना को मंजूरी, PDA 12 मंजिला भवन में 2BHK के 602 फ्लैट बनाएगा
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान के पास 'पद्मलोक' आवासीय योजना को मंजूरी दी है। इस ...और पढ़ें

प्रयागराज में पद्मलोक आवासीय योजना पर पीडीए ने मुहर लगा दी है।
HighLights
10 हजार वर्ग मीटर से अधिक में विकसित की जाएगी आवासीय योजना
तीन वर्ष में आवासीय योजना पूरी होगी, सीमित आय वाले ले सकेंगे फ्लैट
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान के पास प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से पद्मलोक नाम से आवासीय योजना विकसित की जाएगी। 10 हजार वर्गमीटर में बनने वाले इस अपार्टमेंट के नाम पर पीडीए ने मुहर लगा दी है। अब निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। सितंबर में अपार्टमेंट के निर्माण के लिए भूमि पूजन प्रस्तावित है।
12 मंजिल के भवन में कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे
माफिया अतीक अहमद के निकट शहर के चकिया क्षेत्र में बनने वाले इस बहुमंजिला अपार्टमेंट में लोगों को आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। 12 मंजिल के भवन में कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। सभी फ्लैट दो बीएचके के होंगे। इसके लिए भवन की डिजाइन और अन्य तैयारी चल रही है।
आठ लिफ्ट लगाई जाएंगी
अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आठ लिफ्ट लगाई जाएंगी। इससे अलग-अलग मंजिलों पर रहने वाले लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। बहुमंजिला भवन में सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी परियोजना का हिस्सा बनाया जाएगा। पीडीए की ओर से अपार्टमेंट का नाम पद्मलोक तय किए जाने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। परियोजना पूरी होने के बाद चकिया क्षेत्र में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा।
सीमित आय वाले आसानी से फ्लैट ले सकेंगे
अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान के पास प्रस्तावित इस परियोजना को लेकर लंबे समय से तैयारियां चल रही थीं। अब नाम तय होने और भूमि पूजन की तारीख नजदीक आने से निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज के अनुसार इस आवासीय योजना में सीमित आय वाले आसानी से फ्लैट ले सकेंगे, तीन वर्ष में अपार्टमेंट का निर्माण पूरा किया जाएगा।
