सोशल आडिट की आपत्तियों के निस्तारण में प्रयागराज के नौ ब्लाक फिसड्डी, ग्राम पंचायत के सचिव कर रहे हीलाहवाली
प्रयागराज के नौ ब्लॉक सोशल ऑडिट आपत्तियों के समाधान में पिछड़ रहे हैं। ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा ढिलाई बरती जा ...और पढ़ें

प्रयागराज के कई ब्लाक सोशल ऑडिट में लापरवाही बरत रहे हैं।
HighLights
कार्रवाई के दायरे में सहायक विकास अधिकारी
23 मार्च तक न हुआ सुधार तो रुकेगी वेतन वृद्धि
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सोशल आडिट की आपत्तियों के निस्तारण में लगातार हीलाहवाली बरती जा रही है। नौ विकास खंडों की स्थिति सबसे अधिक खराब है। उपनिदेशक पंचायत ने इनके एडीओ पंचायत को 23 मार्च तक की मोहलत दी है। इसमें 100 प्रतिशत निस्तारण नहीं होने पर संबंधित एडीओ की वेतन वृद्धि रोक दी जाएगी।
डेढ़ दशक पुरानी आपत्तियों का भी निस्तारण नहीं
जिले की 631 ग्राम पंचायतों में सोशल आडिट के दौरान 1110 आपत्तियां लगी थीं। संंबंधित ग्राम पंचायत के सचिवों को इन आपत्तियों के निस्तारण के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसमें से 66 आपत्तियों का ही निस्तारण हुआ। इनमें से कुछ आपत्तियां तो एक से डेढ़ दशक पुरानी हैं। फिर भी अब तक निस्तारित नहीं हुईं।
ब्लाकों के एडीओ पंचायत को निर्देश
इधर, पंचायती राज विभाग ने लापरवाह सचिवों पर शिकंजा कसा तो कुछ तेजी आई। 233 आपत्तियों से जुड़े दस्तावेज व जवाब सचिवों ने उपलब्ध कराए, जिन्हें लेखा परीक्षक को भेज दिया गया है। जबकि, 811 आपत्तियां अब भी लंबित हैं। डीडी पंचायत सतीश कुमार और डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने सचिवों की लापरवाही को देखते हुए ब्लाकों में तैनात एडीओ पंचायत को इसका जिम्मा सौंपा था। सभी को हर हाल में 18 मार्च तक आपत्तियों के निस्तारण के निर्देश दिए थे।
की जाएगी कार्रवाई
कुछ ब्लाकों में स्थिति तो सुधरी लेकिन कुछ जगह अब भी लापरवाही हो रही है। करछना, उरुवा, चाका, मांडा, धनुपुर, मऊआइमा, श्रृंगवेरपुरधाम, कौड़िहार और सहसों ब्लाक इनमें शामिल हैं। डीडीओ ने बताया कि इन ब्लाकों के एडीओ पंचायत को पांच दिन का अवसर दिया। इसके बाद कार्रवाई तय है।
