प्रयागराज में 231 एकड़ जमीन पर बनेगा पूर्वांचल का नया इंडस्ट्रियल हब, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
प्रयागराज के नैनी औद्योगिक क्षेत्र में भारत पंप एंड कंप्रेशर लिमिटेड की 231 एकड़ जमीन पर यूपीसीडा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
नैनी में 231 एकड़ जमीन पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनेगा।
यूपीसीडा करेगा विकास, 10 हजार से अधिक रोजगार मिलेंगे।
व्यावसायिक, मनोरंजन परियोजनाएं और गोल्फ कोर्स भी विकसित होगा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नैनी औद्योगिक क्षेत्र में भारत पंप एंड कंप्रेशर लिमिटेड (बीपीसीएल) की 231 एकड़ बेशकीमती जमीन अब पूर्वांचल में औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में बढ़ रही है। इस जमीन को औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के पास आने के बाद यहां इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी है।
प्राधिकरण ने जमीन के सुनियोजित विकास को लेकर कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत औद्योगिक गतिविधियों के साथ व्यावसायिक और मनोरंजन से जुड़ी परियोजनाओं के विकास की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
यूपीसीडा यहां ऐसे भूखंड विकसित करेगी, जिससे पूर्वी उप्र की जरूरत के अनुरूप विनिर्माण इकाइयां स्थापित की जा सकें।
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होने के बाद मशीनरी, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, पैकेजिंग, निर्माण सामग्री समेत विभिन्न क्षेत्रों की इकाइयों के लिए जमीन उपलब्ध हो सकेगी। बड़ी औद्योगिक इकाइयों के साथ सहायक इकाइयां विकसित होने से स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय समेत पूर्वांचल के 10 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल सकेगा। औद्योगिक इकाइयों में तकनीकी और गैर तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत होगी।
वहीं होटल, परिवहन, सुरक्षा, रखरखाव, खानपान और अन्य सेवाओं में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार का कहना है कि जमीन के नियोजित विकास, भूखंडों के उपयोग, औद्योगिक गतिविधियों और पीपीपी माडल से विकसित की जाने वाली परियोजनाओं को लेकर प्रारंभिक स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है।
पीपीपी मॉडल से विकसित होंगी व्यावसायिक परियोजनाएं
231 एकड़ जमीन के सुनियोजित विकास के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी भी ली जाएगी। इसके लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल का सहारा लिया जाएगा। इसके तहत लग्जरी होटल, मैरिज गार्डन और अन्य व्यावसायिक परियोजनाओं को विकसित किया जाएगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों के साथ यहां व्यावसायिक क्षेत्र का भी विस्तार होगा।
गोल्फ कोर्स से बढ़ेगा आकर्षण
इस परियोजना की खास बात यहां गोल्फ कोर्स विकसित करने की योजना भी है। गोल्फ कोर्स जैसी सुविधा विकसित होने से नैनी में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का भी विस्तार होगा। गोल्फ कोर्स और होटल जैसी सुविधाओं के विकास से निवेशकों और बड़े कारोबारी समूहों को आकर्षित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही यहां होने वाली व्यावसायिक गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और छोटे कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे।
