प्रयागराज में विस्तारित क्षेत्र के 28 वार्डों की सड़कें रोशनी से जगमगाएंगी, नगर निगम खर्च करेगा 23 करोड़ रुपये
प्रयागराज नगर निगम विस्तारित क्षेत्रों के 28 वार्डों में सड़कों को रोशन करने के लिए 23 करोड़ रुपये से अधिक ...और पढ़ें

प्रयागराज नगर निगम विस्तारित क्षेत्र की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगवाएगा। जागरण आर्काइव
HighLights
575 पोल पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
दिवाली बाद पोल-स्ट्रीट लाइट लगाने की शुरू हो जाएगी प्रक्रिया
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के विस्तारित क्षेत्रों यानी गांव से शहर में तब्दील इलाकों में अंधेरी सड़कों को रोशन करने के लिए नगर निगम 23 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगा। इसके तहत 28 वार्डों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इससे आवागमन करने वाले लोगों को रात में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
रात में आवागमन में होती है परेशानी
विस्तारित क्षेत्रों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात में आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई मार्गों पर अंधेरा रहने से लोगों को असुरक्षा का भी एहसास होता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने नई स्ट्रीट लाइटें और पोल लगाने की योजना तैयार की है।
दिवाली से पूर्व बजट मिलने का अनुमान
योजना के तहत 575 पोल लगाए जाएंगे और इन पर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दिवाली के पहले पोल और स्ट्रीट लाइन लगाने का बजट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। दीप पर्व के बाद काम शुरू हो सकता है। नगर निगम के 100 वार्डों में एक लाख से अधिक स्ट्रीट लाइट लगाई गई है।
विस्तारित क्षेत्रों के 28 वार्डों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 23 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। इसके तहत 575 पोल और इतनी ही स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। बजट मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
- डॉ. संजय कटियार, मुख्य अभियंता विद्युत यांत्रिक, नगर निगम।
