विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में सक्रिय है मानसून: दो दिन में ही 110 मिलीमीटर बरसात हो गई, अगस्त में अब तक 600 मिमी हुई बारिश

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 24 Aug 2026 12:40 PM (IST)

प्रयागराज में मानसून सक्रिय है, पिछले दो दिनों में 110 मिमी और अगस्त में अब तक 600 मिमी से अधिक ...और पढ़ें

प्रयागराज में बारिश के दौरान सोमवार सुबह गंतव्य को ई-रिक्शा से जाते लोग। जागरण

प्रयागराज में बारिश के दौरान सोमवार सुबह गंतव्य को ई-रिक्शा से जाते लोग। जागरण

HighLights

  1.  रविवार रात से सोमवार सुबह तक ही करीब 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई

  2. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक झमाझम बारिश की संभावना जताई है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में मानसून की जोरदार सक्रियता ने बारिश के आंकड़ों को तेजी से बढ़ा दिया है। बीते दो दिनों में करीब 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि अगस्त महीने में अब तक हुई कुल वर्षा 600 मिलीमीटर के पार पहुंच गई है। रविवार रात से सोमवार सुबह तक ही करीब 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश और गरज-चमक के दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

रविवार को शहर और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद रात में भी कई चरणों में वर्षा हुई। सोमवार सुबह तक आसमान पर घने बादल छाए रहे और दिन की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई। सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है, हालांकि कई स्थानों पर जलभराव और आवागमन की समस्या भी देखने को मिल रही है।

कल रविवार यानी 23 अगस्त की सुबह से आज सोमवार सुबह तक 29.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सोमवार सुबह हवा में नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा और आर्द्रता 98 प्रतिशत दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के ताजा दौर के साथ अगस्त में वर्षा का आंकड़ा 600 मिलीमीटर के पार पहुंच गया है।

लगातार हो रही बरसात से शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त तक आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 27 अगस्त को भी एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 28 और 29 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। लगातार सक्रिय मानसून के कारण फिलहाल प्रयागराज में उमस से राहत बनी हुई है और शहरवासियों की नजरें अब अगले तीन दिनों के बारिश वाले पूर्वानुमान पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में वर्षा का दौर अभी नहीं थमेगा, अगले 7 दिन छाए रहेंगे बादल; रुक-रुककर होगी झमाझम तो कभी रिमझिम

यह भी पढ़ें- ट्रेनों में मुफ्त का सफर करने वालों को भारी पड़ा: हर घंटे 101 यात्री पकड़े गए, 20 दिन में 4.51 करोड़ रुपये वसूले