प्रयागराज: मर्चेंट नेवी अफसर विनोद किशोर मिश्रा अब भी पाकिस्तान के कराची पोर्ट पर बंधक, सदमें में परिवार
प्रयागराज के मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत किशोर मिश्रा कई महीनों से पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर बंधक हैं, जिससे उनका परिवार गहरे सदमे में है।

परिवार ने उनकी रिहाई के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कार्यालय सहित विभिन्न सरकारी निकायों से गुहार लगाई है।
HighLights
विनीत किशोर मिश्रा कई महीनों से कराची में बंधक।
परिवार ने राष्ट्रपति, पीएमओ, विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई।
सांसद ने सुरक्षित रिहाई का आश्वासन दिया है।
संवाद सूत्र, लालापुर(प्रयागराज)। क्षेत्र के अंतर्गत बघला गांव के रहने वाले मर्चेंट नेवी के अधिकारी विनीत किशोर मिश्रा पिछले कई महीनों से पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर बंधक बने हुए हैं। महीनों बीत जाने के बाद भी उनकी वतन वापसी की कोई उम्मीद न बंधने के कारण परिवार गहरे सदमे और मानसिक प्रताड़ना के दौर से गुजर रहा है।
इस बार घर में न तो दीपावली का दीया जला और न ही भैया दूज का त्योहार मनाया गया, बल्कि परिवार के छोटे-छोटे बच्चों की सिसकियों और आंसुओं से पूरा माहौल गमगीन रहा।
17 अप्रैल से बंधक है जहाज, 9 सितंबर को ही हो चुका है माल अनलोड
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनीत किशोर मिश्रा जिस जहाज पर सवार हैं, वह 17 अप्रैल से बंधक बनाया गया है। हैरानी की बात यह है कि 9 सितंबर को ही जहाज पर लदा हुआ माल पूरी तरह से अनलोड (खाली) किया जा चुका है, इसके बावजूद लगभग 7 महीने बीत जाने के बाद भी विनीत और अन्य नाविकों की रिहाई नहीं हो सकी है।
वर्तमान में कराची बंदरगाह के बर्थ नंबर 21 पर खड़े इस केवर जहाज पर विनीत समेत कुल 11 लोग फंसे हुए हैं। इनमें 6 भारतीय नागरिक और 6 ईरानी क्रू सदस्य शामिल हैं । जहाज की स्थिति बेहद दयनीय है—वहाँ पूरी तरह से ब्लैक आउट (बिजली आपूर्ति बाधित) है और जहाज पानी में लावारिस हालत में खड़ा है। नाविकों को 24 घंटे उसी बंद जहाज के भीतर ही रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
पूर्व सैनिक पिता और पत्नी ने दिल्ली में लगाई गुहार
विनीत के पिता ललित किशोर मिश्रा, जो कि एक पूर्व सैनिक और सेवानिवृत्त अध्यापक हैं, ने बताया कि उन्होंने और उनकी बहू नेहा मिश्रा ने अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ दिल्ली जाकर राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बेटे की सकुशल रिहाई और सहयोग की गुहार लगाई है। इसके अलावा, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से प्रत्यक्ष मुलाकात के लिए भी अपॉइंटमेंट हेतु आवेदन दिया गया है।
परिजनों की एक हफ्ते पहले ही विनीत से अत्यंत मुश्किल से मात्र 1 मिनट की बात हो पाई थी, क्योंकि वहाँ नेटवर्क की भारी समस्या है।
फीकी पड़ीं खुशियां, बच्चों ने रोते हुए पूछा- 'बिना चाचू के कैसे मनाएं दीपावली?
विनीत की पत्नी नेहा मिश्रा ने बताया कि पति के बंधक बनने की खबर मिलने के बाद से वे अपने सालभर के दो छोटे बच्चों को लेकर दर-दर भटक रही हैं और दिल्ली से लेकर स्थानीय स्तर पर मुख्यमंत्री, क्षेत्रीय सांसदों व विधायकों के माध्यम से गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस राहत नहीं मिली है।
वृद्ध पिता ललित किशोर मिश्रा ने नम आँखों से बताया कि इस बार उनके घर में दीपावली और भैया दूज जैसे पावन त्योहारों पर दीये नहीं जले। विनीत के बड़े भाई नागेंद्र किशोर मिश्रा, भाभी सपना मिश्रा तथा उनके बच्चे आर्या मिश्रा, नव्या मिश्रा, और स्वास्तिक बार-बार यह कहकर रो पड़ते हैं कि 'हम अपने चाचू के बिना दीपावली कैसे मनाएं?' वहीं, विनीत की बहनें आरती पांडे और अंजू पांडे का कहना है कि भाई पर आई इस विकट मुसीबत के बाद से परिवार के किसी भी सदस्य का किसी भी त्योहार या उत्सव में मन नहीं लग रहा है।
जनप्रतिनिधियों का मिला आश्वासन
इस गंभीर मानवीय और कूटनीतिक मामले पर प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने संज्ञान लेते हुए बताया है कि इस संबंध में उनकी बात विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से हुई है। मंत्री जी ने आश्वासन दिया है कि सरकार मामले को गंभीरता से देख रही है और जल्द ही मर्चेंट नेवी अफसर की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित कराई जाएगी।बघला गाँव और पूरे प्रयागराज के लोग अब केवल एक ही उम्मीद लगाए बैठे हैं कि देश की केंद्र सरकार जल्द से जल्द कूटनीतिक चैनलों का उपयोग करते हुए विनीत किशोर मिश्रा और अन्य भारतीय नाविकों को पाकिस्तान की कैद से मुक्त कराकर सकुशल उनके घर वापस लाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।