पत्नी अक्सर शराब पीने का विरोध व झगड़ा करती थी, इसलिए उसे मार डाला..., पति ने पुलिस से कबूल किया जुर्म
प्रयागराज में शराब पीने का विरोध करने पर पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने ...और पढ़ें

प्रयागराज के फाफामऊ में महिला की हत्या में उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
HighLights
छह लोगों पर एफआईआर दर्ज, महिला का पति एलआईसी में विकास अधिकारी गिरफ्तार
प्रयागराज के फाफामऊ की घटना, वकीलों के हंगामे से नहीं हो सका शव का पोस्टमार्टम
संवाद सहयोगी, जागरण, फाफामऊ (प्रयागराज)। शराब पीने के विरोध पर तारा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मायके पक्ष की तहरीर पर फाफामऊ पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही महिला के पति भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में विकास अधिकारी रमेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पत्नी अक्सर झगड़ा करती थी। शराब पीने का विरोध भी करती थी, जिसकी वजह से हत्या की है। हालांकि वकीलों के एसआरएन अस्पताल में हंगामे के कारण महिला के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को नहीं हो सका।
फाफामऊ थाना क्षेत्र के मलाकहरहर मंदाकिनी कालोनी में तारा देवी अपने परिवार के साथ रहती थी। रविवार रात उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह तारा देवी के पिता श्याम बिहारी निवासी देवगलपुर, मऊआइमा ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि उन्होंने अपनी बेटी तारा देवी की शादी 2007 में रमेश पुत्र छोटे लाल निवासी सुरांय जयराम, नवाबगंज के साथ की थी।
आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। अक्टूबर 2019 में सभी ने एकराय होकर बेटी को जहर पिला दिया। काफी प्रयास के बाद उसकी जान बची। घटना के तीन वर्ष बाद उसे मारा-पीटा गया, जिससे उसका हाथ में फ्रैक्चर हो गया। यह भी आरोप है कि 25 अक्टूबर को पति समेत सभी ने बेटी तारा देवी की हत्या कर दी। लिखित शिकायत पर पुलिस ने पति रमेश, उसके भाई कमलेश, भतीजा सतीश कुमार के अलावा राजेश और कमलेश की पत्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।
फाफामऊ थाना प्रभारी निरीक्षक छोटक सिंह यादव ने बताया कि मृतिका का पति रमेश कुमार भारतीय जीवन बीमा निगम में विकास अधिकारी पद पर प्रयागराज में कार्यरत है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। मृतिका के बेटे पीयूष कुमार, आयुष कुमार और आरुष कुमार अपने नाना के साथ हैं। वकीलों के हंगामे के कारण महिला के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को करवाया जाएगा।
