विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में बनेगा 150 एकड़ का भव्य बायोडायवर्सिटी पार्क, खर्च होंगे 136 करोड़ रुपए

Published: Sat, 12 Sep 2026 09:04 AM (GMT+05:30)

प्रयागराज नगर निगम झूंसी के कनिहार क्षेत्र में 150 एकड़ से अधिक में 136 करोड़ रुपये की लागत से बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. झूंसी के कनिहार में 150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में पार्क।

  2. बायोडायवर्सिटी पार्क के विकास पर 136 करोड़ रुपये होंगे खर्च।

  3. स्थानीय पेड़-पौधों, पक्षियों और जैव विविधता का संरक्षण होगा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नगर निगम की ओर से झूंसी के कनिहार क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। कनिहार में 150 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया जाएगा।

पार्क को विकसित करने के लिए 136 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। पार्क में केवल हरियाली और पौधारोपण ही नहीं होगा, बल्कि स्थानीय पेड़-पौधों, पक्षियों और जैव विविधता को संरक्षित करने की विशेष व्यवस्था होगी। नगर निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया एक माह में शुरू हो जाएगी।

महापौर और नगर आयुक्त ने सदन की बैठक के दौरान शुक्रवार को सदन को बताया कि प्रस्तावित बायोडायवर्सिटी पार्क को शहर के लोगों के लिए प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। यहां विभिन्न प्रजातियों के स्थानीय और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।

लोगों को मिलेंगी कई सुविधाएं

पार्क में पक्षियों और तितलियों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी जोर रहेगा। जलाशय, छोटे तालाब और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था के साथ प्राकृतिक जल निकासी विकसित की जा सकती है। इससे स्थानीय जीव-जंतुओं को पानी और अनुकूल वातावरण मिलेगा।

हरियाली बढ़ने से शहर के तापमान और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। लोगों की सुविधा के लिए पार्क में पैदल चलने के लिए प्रकृति पथ, बैठने के स्थान, छायादार क्षेत्र, पेयजल, शौचालय और प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों के लिए प्रकृति आधारित गतिविधियों का क्षेत्र और लोगों के लिए योग व ध्यान स्थल भी विकसित किए जा सकते हैं।

साइकिल पथ और खुले स्थान पार्क को और उपयोगी बनाएंगे। अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, शादाब असलम, अरविंद राय, जलकल के महाप्रबंधक संजीव कुमार, जलकल के लेखाधिकारी सुजीत कुमार, नगर निगम विद्युत यांत्रिक के मुख्य अभियंता सुजीत कुमार, अधिशासी अभियंता संदीप उपाध्याय, अजीत कुमार, अनिल मौर्या मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के लोगों को दाखिल-खारिज और रजिस्ट्री में बड़ी राहत, अब सिर्फ एक हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा