प्रयागराज में ITI गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में छात्रा ने आत्महत्या की, फंदे से लटका मिला शव; सुसाइड नोट नहीं मिला
प्रयागराज के राजकीय काष्ठकला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के मंदाकिनी गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

प्रयागराज में कर्नलगंज स्थित ITI गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में छात्रा ने आत्महत्या की।
HighLights
आत्महत्या का कारण साफ नहीं, कर्नलगंज पुलिस मामले की कर रही जांच
बिहार के शहरसा जिले निवासी छात्रा मंदाकिनी गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। राजकीय काष्ठकला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला आइटीआइ) के मंदाकिनी गर्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में छात्रा ने फंदे पर लटककर जान दे दी। इसका पता चलते ही सहपाठी छात्राओं में शोक छा गया। कर्नलगंज पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
छात्रा का मोबाइल पुलिस कब्जे में
हॉस्टल के जिस कमरे में छात्रा फंदे से झूली थी, पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। छात्रा ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। उसके मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने परिवार वालों को बुलाया गया है।
कटरा के आईटीआई में डिप्लोमा कोर्स कर रही थी
बिहार के शहरसा जिले के बैजनाथपुर वार्ड निवासी शरद कुमार की 19 वर्षीय बेटी रूपाली कुमारी कटरा स्थित आईटीआई में डिप्लोमा का कोर्स कर रही थी। वह द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। कौशल विकास केंद्र के मंदाकिनी गर्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में रहती थी।
दुपट्टे से पंखे के चुल्ले से लटक गई
बताया गया है कि गुरुवार सुबह रोजाना की तरह वह सोकर उठी। फिर मंजन, स्नान करते हुए दूसरी छात्राओं से बातचीत की। इसके बाद कमरे में चली गई और दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के चुल्ले से लटक गई। छात्राएं जब क्लास रूम में जाने लगी तो उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। कोई उत्तर नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई। वार्डन समेत अन्य कर्मचारी पहुंच गए।
अंदर पहुंची पुलिस तो फंदे से लटक रही थी रूपाली
सूचना पर चौकी इंचार्ज कटरा वरुण शाही फोर्स के साथ मौके पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो रूपाली फंदे पर लटकी थी। यह देख दूसरी छात्राएं सहम गईं। फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की, लेकिन सुसाइड नोट नहीं मिला। मोबाइल में पासवर्ड लगा था।
10 सितंबर को घर से लौटी थी
पूछताछ में पता चला कि रूपाली 10 सितंबर को घर से लौटी थी। देरी से आने के कारण द्वितीय वर्ष के दाखिले में कुछ कठिनाई हुई थी। फिलहाल इंस्पेक्टर कर्नलगंज ज्ञानेश्वर मिश्रा का कहना है कि छात्रा ने फंदे पर लटककर जान दी है। घरवालों के आने पर वजह कुछ साफ हो सकती है।
