प्रयागराज : गृहकर के 90 हजार बकाएदारों को राहत, OTS योजना के तहत निर्धारित बकाया राशि 3 किश्तों में जमा कर सकेंगे
प्रयागराज में 15 अगस्त से गृहकर के 90 हजार बकाएदारों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) शुरू हो गई है। ...और पढ़ें

प्रयागराज में गृहकर बकाएदारों को नगर निगम ओटीएस के तहत बड़ी राहत देगा।
HighLights
गृहकर में ब्याज माफी के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू है
नगर निगम गृहकर बकाएदार भवन स्वामियों को देगा लाभ
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नगर निगम के गृहकर बकायेदार भवन स्वामियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से गृहकर जमा नहीं करने के कारण बकाया राशि पर बढ़े ब्याज से परेशान भवन स्वामी अब एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ उठा सकेंगे। नगर निगम में यह योजना 15 अगस्त से शुरू हो गई है। योजना का लाभ लेने के लिए भवन स्वामियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा।
गृहकर का बकाया ब्याज माफ होगा
एकमुश्त समाधान योजना के तहत गृहकर के बकाये पर ब्याज माफी की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए भवन स्वामियों को नगर निगम की ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के दौरान संबंधित भवन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी की पुष्टि होने के बाद ही आवेदन को आगे बढ़ाया जा सकेगा। ओटीएस योजना के तहत निर्धारित बकाया राशि को तीन किश्तों में जमा करने की सुविधा रहेगी।
भवन व गृहकर संबंधित सही जानकारी दर्ज करें
योजना का लाभ लेने के इच्छुक भवन स्वामियों को आवेदन करते समय अपने भवन और गृहकर से संबंधित सही जानकारी दर्ज करनी होगी। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी का सत्यापन जरूरी होगा। सत्यापन के बाद ही योजना के तहत बकाये के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे यह भी सुनिश्चित किया जाएगा ताकि योजना का लाभ सही भवन स्वामी को मिल सके।
90 हजार भवन स्वामियों को मिलेगा लाभ
नगर निगम के अनुसार, एकमुश्त समाधान योजना से करीब 90 हजार भवन स्वामियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में भवन स्वामियों पर गृहकर का बकाया है। ब्याज माफी की सुविधा मिलने से उन्हें मूल गृहकर की बकाया राशि जमा करने में राहत मिलेगी और नगर निगम को भी राजस्व प्राप्त होगा।
तीन माह तक पंजीकरण कराने की सुविधा
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई ने बताया कि ओटीएस की शुरुआत 15 अगस्त से सभी निकायों में शुरू कर दी गई है। इसी दौरान पंजीकरण भी शुरू हो जाएगा। तीन माह तक पंजीकरण कराने की सुविधा रहेगी।
