IGRS रैंकिंग में प्रयागराज की लंबी छलांग, शिकायतों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन कर 11वें स्थान पर काबिज
प्रयागराज ने IGRS रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है, शिकायतों के समाधान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 11वां स्थान प्राप्त ...और पढ़ें

IGRS रैंकिंग में लंबी छलांग लगाते हुए प्रयागराज 11वें स्थान पर पहुंच गया है।
HighLights
डीएम की नई रणनीति से शिकायतों के निस्तारण में उच्च गुणवत्ता के चलते रैंकिंग सुधरी
संतुष्ट फीडबैक में अच्छे अंकों के चलते प्रदेश के 64 जनपदों को प्रयागराज ने छोड़ा पीछे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्वक निस्तारण को लेकर मंगलवार को फरवरी माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग जारी हुई। इसमें शानदार प्रदर्शन कर प्रयागराज जनपद 11वें स्थान पर पहुंच गया। पिछले वर्ष अगस्त, सितंबर व अक्टूबर में यह जिला प्रदेश में अंतिम पायदान अर्थात 75वें स्थान पर था। जुलाई में 74वें स्थान पर था। दिसंबर 2025 में 32वें स्थान पर था, जबकि जनवरी 2026 में 18वां स्थान प्राप्त हुआ था।
रैंकिंग में जनपद को 140 अंकों में 133 मिले
फरवरी माह में जिले में 17422 शिकायतें आई। इनके निस्तारण में 1672 का फीडबैक लिया गया। 1314 फीडबैक संतोषजनक और 358 असंतोषजनक मिले, जिसके चलते रैंकिंग में जनपद को कुल 140 अंकों में 133 अंक मिले। रैकिंग में सुधार के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिलाया। असंतुष्ट फीडबैक में ज्यादा अंक कट रहे थे, इसलिए उस पर विशेष फोकस किया गया।
खास-खास
- 133 अंक मिला कुल 140 अकों में, 95 प्रतिशत मिला प्राप्तांक, अब टाप-5 में आने का प्रयास
- 05 बार पिछले वर्ष जिले का था 75वां स्थान, प्रदेश में पहली बार जनपद की इतनी अच्छी रैंकिंग
- 17 हजार के करीब फरवरी माह में आईं शिकायतें, कुल 1672 फीडबैक में 1314 संतोषजनक
संतोषजनक फीडबैक में 30 में से 26 अंक प्राप्त
तहसील व ब्लाक मुख्यालयों पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अफसार अहमद व उनकी टीम ने कर्मचारियों को सिखाया। फरवरी में शासन स्तर से कुल शिकायतों में 850 की मार्किंग की गई। संतोषजनक फीडबैक में 30 में से 26 अंक प्राप्त हुए। सी श्रेणी के एक भी संदर्भ न होने पर पूरे 20 अंक मिले थे। मुख्यमंत्री कार्यालय से 21 संदर्भों की जांच में उत्कृष्ट प्रदर्शन में पूरे 10 अंक मिले। डिफाल्टर आख्या का प्रतिशत शून्य होने पर 10 में 10 अंक मिले। डीएम कार्यालय में संदर्भों की फीडिंग की स्थिति में भी पूरे 10 अंक मिले। एडीएम सिटी सत्यम कुमार मिश्र ने बताया कि सामूहिक प्रयास से रैंकिंग सुधरी है। इस माह और बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा।
क्या बोले प्रयागराज के डीएम
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि आइजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण न सिर्फ तेजी से बल्कि गुणवत्तापूर्ण कराया गया। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य हुआ। सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की कोशिश से रैंकिंग में जिले का अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा।
