प्रयागराज एक्सप्रेस का 28 अक्टूबर से बदलेगा समय, हमसफर नई दिल्ली से नहीं आनंद विहार से चलेगी
उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की समय सारणी में संशोधन किया है। हमसफर ...और पढ़ें

प्रयागराज एक्सप्रेस का समय बदला, हमसफर नए साल से बदले समय में आनंद विहार से रोजाना चलेगी।
HighLights
अब सप्ताह में सातों दिन आनंद विहार से चलेगी हमसफर
उत्तर मध्य रेलवे ने जारी की ट्रेनों की नई समय सारणी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की समय सारिणी में संशोधन किया है, जबकि हमसफर एक्सप्रेस के स्टेशन (टर्मिनल) में भी आगे चलकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
वीआईपी ट्रेन 12417 प्रयागराज-नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस 28 अक्टूबर 2026 से नई दिल्ली स्टेशन पर अपने पुराने समय सुबह सात बजे के बजाय 15 मिनट देरी से, यानी सुबह 7:15 बजे पहुंचेगी। इससे पहले यह ट्रेन गाजियाबाद में सुबह 6:28 बजे पहुंचकर 6:30 बजे रवाना होगी। वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 12418 नई दिल्ली-प्रयागराज एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से नई दिल्ली स्टेशन से अपने तय समय रात 10:10 बजे के बजाय पांच मिनट देरी से रात 10:15 बजे रवाना होगी। रास्ते में यह ट्रेन गाजियाबाद रात 10:50 बजे, अलीगढ़ रात 12:02 बजे, कानपुर सेंट्रल भोर में 3:55 बजे और फतेहपुर सुबह पांच बजे पहुंचेगी।
इसके साथ ही प्रयागराज से चलने वाली हमसफर एक्सप्रेस के समय और स्टेशन दोनों में फेरबदल किया गया है। गाड़ी संख्या 12275 प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से नई दिल्ली स्टेशन पर सुबह 6:15 बजे की जगह 20 मिनट देरी से सुबह 6:35 बजे पहुंचेगी। एक जनवरी 2027 से यह ट्रेन नई दिल्ली नहीं जाएगी, बल्कि आनंद विहार टर्मिनल तक ही चलेगी और वहां सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी।
वापसी दिशा में चलने वाली 12276 नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से नई दिल्ली से रात 10:30 बजे के बजाय रात 11:05 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:20 बजे के स्थान पर सुबह 7:45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। वहीं, दो जनवरी 2027 से यह ट्रेन नई दिल्ली के बदले आनंद विहार टर्मिनल से संचालित होगी और रात 11:15 बजे रवाना होकर सुबह 7:45 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 22437 प्रयागराज-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से आनंद विहार सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 22438 आनंद विहार-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से आनंद विहार से रात 10:35 बजे की जगह रात 11:15 बजे चलेगी और सुबह 7:55 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। यह बदलाव होने से अब हमसफर एक्सप्रेस सप्ताह में सातों दिन आनंद विहार से ही चलेगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डा शिवम शर्मा ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से बदलाव लागू हो रहा है। यात्री यात्रा से पहले समय सारणी जरूर चेक कर लें।
पूर्वा, रीवा समेत राजधानी के समय व स्टेशनों में बदलाव
हावड़ा और नई दिल्ली के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 12381/12382 और 12303/12304 पूर्वा एक्सप्रेस का विस्तार शकूरबस्ती स्टेशन तक कर दिया गया है। हावड़ा से आने वाली ट्रेनें नई दिल्ली होते हुए सुबह 7:20 बजे शकूरबस्ती पहुंचेंगी, जबकि वापसी में शकूरबस्ती से शाम 4:35 बजे रवाना होकर शाम 5:15 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगी। 12427 रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से सुबह 6:55 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 12428 आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस आनंद विहार से रात 10:10 बजे रवाना होकर सुबह 6:05 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस आनंद विहार सुबह 7:35 बजे पहुंचेगी। राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस अब नई दिल्ली सुबह 7:55 बजे और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सुबह 8:05 बजे पहुंचेगी। हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो और भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस सुबह 6:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 20802 मगध एक्सप्रेस प्रयागराज जंक्शन सुबह 6:15 बजे पहुंचेगी।
