वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत का 2 नवंबर से होगा नियमित संचालन, देखें रूट और किराया
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 2 नवंबर से शुरू होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
स्लीपर वंदे भारत 2 नवंबर से शुरू होगी।
वाराणसी से दिल्ली रातभर का आरामदायक सफर।
थर्ड, सेकेंड, फर्स्ट एसी की सुविधा उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए रेल सफर अब और आरामदायक होने जा रहा है। देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन दो नवंबर से शुरू होगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन यात्रियों को रातभर के सफर के बाद सुबह दिल्ली पहुंचाएगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से चलकर प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर रात 10:35 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 10:40 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होगी।
कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर सुबह 5:05 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इस ट्रेन में यात्रियों को थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी की सुविधा मिलेगी। प्रयागराज से नई दिल्ली तक थर्ड एसी का किराया 1600 रुपये, सेकेंड एसी का 2065 रुपये और फर्स्ट एसी का 2530 रुपये निर्धारित किया गया है।
खास बात यह है कि प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के टिकट किराये में भोजन शुल्क शामिल नहीं होगा। रात में यात्रा कर सुबह दिल्ली पहुंचने की सुविधा से नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।