विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी का झांसा देकर युवाओं को कंबोडिया में बनाते थे 'साइबर गुलाम', प्रयागराज का फरहान निकला म्यूल अकाउंट सप्लायर

Published: Mon, 09 Nov 2026 01:22 PM (IST)

प्रयागराज में कंबोडिया से लौटे साइबर स्लेवरी गिरोह के एजेंट फरहान अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. साइबर स्लेवरी एजेंट फरहान अहमद पर प्रयागराज में मुकदमा।

  2. कंबोडिया से लौटकर बेरोजगारों को बनाता था साइबर गुलाम।

  3. साइबर अपराधियों को म्यूल खाते उपलब्ध कराता था एजेंट।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विदेश में बैठे साइबर अपराधियों से एक बार फिर प्रयागराज का कनेक्शन सामने आया है। कंबोडिया से लौटने वाले साइबर स्लेवरी गिरोह के एजेंट फरहान अहमद के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा लिखा गया है।

अभियुक्त फरहान करेली थाना क्षेत्र के जीटीबी नगर का निवासी है। पुलिस का दावा है कि फरहान साइबर अपराधियों को म्यूल खाता उपलब्ध कराता है और उसका कमीशन लेता है।

उसके वालेट में 18 लाख रुपये मिले हैं। वह चार साल में चार बार कंबोडिया गया, जहां बेरोजगारों का नौकरी का झांसा देकर साइबर गुलाम बनाया जाता है। अब साइबर क्राइम थाने की पुलिस प्रकरण की जांच को आगे बढ़ाते हुए कार्रवाई करेगी। इससे पहले भी एक एजेंट को गिरफ्तार किया गया था।

करेली थाने में तैनात दारोगा रूपेश कुमार का कहना है कि गृह मंत्रालय भारत सरकार के अधीन साइबर अपराध समन्वय केंद्र से एक पत्र मिला। उसमें दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में संचालित साइबर स्कैम सेंटरों में भारतीय नागरिकों की भर्ती करने वाले संदिग्ध एजेंटों का सत्यापन, आवश्यक वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिया गया था।

यह भी बताया गया था कि साइबर स्लेवरी के शिकार होकर कंबोडिया, लाओस, मलेशिया, वियतनाम स्थित विभिन्न साइबर स्कैम सेंटरों से वापस आए भारतीय नागरिकों से गहन पूछताछ के आधार पर एक संदिग्ध एजेंट्स के बारे में पता चला जो इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से युवाओं को नौकरी संबंधी विज्ञापन देकर दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों में ले जाकर साइबर स्लेवरी करवाते हैं।

इस आधार पर एजेंट फरहान अहमद पुत्र मेराज अहमद को लेकर जांच शुरू की गई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि वह लगातार विदेशी नंबरों पर वाट्सएप के जरिए संपर्क में रहता है। म्यूल खातों का अदान-प्रदान करता है। उसका कमीशन भी प्राप्त करता है। उन खातों के खिलाफ देशभर में कई शिकायत मिली है। फरहान के क्रिप्टो करेंसी वालेट की जांच में करीब 18 लाख रुपये मिले।

फरहान अहमद ने वर्ष 2022 से 2025 के बीच चार बार कंबोडिया की यात्रा की। वह विभिन्न बैंक के खातों को शेयर करके ठगी की रकम को आनलाइन ठिकाने लगवाता है। फिलहाल इंस्पेक्टर साइबर क्राइम राघवेंद्र सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।