दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के लिए चलेंगी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, प्रयागराज छिवकी में भी ठहराव
रेलवे ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को कम करने के लिए रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें पोत्तनूर से बरौनी, भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से दानापुर और कोटा के सोगरिया स्टेशन से दानापुर के बीच चलेंगी।
सबसे अच्छी बात यह है कि इन तीनों ही ट्रेनों का ठहराव प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर भी रहेगा, जिससे प्रयागराज और आसपास के यात्रियों को बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिण भारत आने-जाने में सीधी सुविधा मिलेगी।
चार अक्टूबर से प्रत्येक रविवार चलेगी ट्रेन
दक्षिण भारत से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन पोत्तनूर से प्रत्येक रविवार को चार अक्टूबर से एक नवंबर तक सुबह 6:15 बजे रवाना होगी और मंगलवार को रात 1:30 बजे प्रयागराज छिवकी होते हुए दोपहर 1:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में बरौनी से यह प्रत्येक बुधवार को सात अक्टूबर से चार नवंबर तक सुबह 10:30 बजे चलेगी और उसी रात 10:30 बजे छिवकी होते हुए शुक्रवार शाम 6:30 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी। मध्य प्रदेश और बिहार के बीच सफर करने वालों के लिए रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलेगी।
यह ट्रेन 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हर सोमवार और शुक्रवार को दोपहर 2:25 बजे रानी कमलापति से खुलेगी और देर रात 2:10 बजे छिवकी होते हुए अगले दिन सुबह 9:25 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक हर मंगलवार और शनिवार को दानापुर से सुबह 11:20 बजे चलकर शाम 6:15 बजे छिवकी पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
कोटा में पढ़ाई करने वाले छात्रों और वहां रहने वाले लोगों के लिए सोगरिया-दानापुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलेगी। यह 10 अक्टूबर से 14 नवंबर तक हर शनिवार रात 11:10 बजे सोगरिया से चलकर अगले दिन दोपहर 3:50 बजे छिवकी पहुंचेगी और रात 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हर सोमवार देर रात 1:15 बजे दानापुर से चलकर सुबह 8:55 बजे छिवकी होते हुए अगले दिन तड़के 3:45 बजे सोगरिया पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- Haridwar Kumbh 2027: अगले दो साल में कुंभ मेलों के लिए रेलवे की तैयारी शुरू, चलेंगी 200 स्पेशल ट्रेनें
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी सौगात, बनारस-कोलकाता और नई दिल्ली-दरभंगा के बीच चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें
