विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहली बार फ्लाइट से जाने में लग रहा है डर? प्रयागराज एयरपोर्ट पर शुरू हुई ये नई सुविधा दूर करेगी आपकी हर टेंशन

Published: Wed, 16 Sep 2026 05:45 PM (IST)

प्रयागराज एयरपोर्ट ने पहली बार हवाई यात्रा करने वालों के लिए एक विशेष हेल्प डेस्क शुरू की है, जिससे उनका सफर आसान और तनावमुक्त बनेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. पहली बार यात्रा करने वालों को एयरपोर्ट पर मिलेगी विशेष सहायता।

  2. बुजुर्गों और बच्चों के लिए भी अतिरिक्त सुविधाएं सुनिश्चित की गईं।

  3. प्रयागराज एयरपोर्ट पर 24 दिवसीय 'यात्री सेवा अभियान' जारी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगर आप पहली बार हवाई जहाज में बैठने जा रहे हैं और एयरपोर्ट के नियमों, चेकिंग या बोर्डिंग पास को लेकर मन में कोई हिचक या घबराहट है, तो अब बेफिक्र हो जाइए।

प्रयागराज एयरपोर्ट प्रशासन ने ऐसे 'फर्स्ट टाइम फ्लायर्स' का सफर आसान और तनावमुक्त बनाने के लिए एक खास पहल शुरू की है। एयरपोर्ट पर कदम रखते ही अब नए यात्रियों का मार्गदर्शन करने के लिए एक डेडिकेटेड हेल्प डेस्क मुस्तैद मिलेगी, जो सुरक्षा जांच से लेकर विमान की सीट तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान शब्दों में समझाएगी।

विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर) और गांधी जयंती (2 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में एयरपोर्ट पर 24 दिनों का सघन 'यात्री सेवा अभियान' छेड़ा गया है। कार्यवाहक निदेशक सुविज्ञ चंद्र द्विवेदी के अनुसार, इस मुहिम का मकसद सिर्फ औपचारिक औपचारिकताएं पूरी करना नहीं, बल्कि टर्मिनल में दाखिल होने से लेकर टेक-ऑफ तक के हर पड़ाव पर मुसाफिरों को सहज महसूस कराना है। इस व्यवस्था के लागू होने से एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली में कई बड़े और जमीनी बदलाव नजर आएंगे।

नए यात्रियों की झिझक होगी खत्म

पहली बार उड़ान भरने वालों को बोर्डिंग पास लेने, लगेज जमा करने और सिक्योरिटी फ्रिस्किंग के दौरान होने वाली उलझनों से नहीं जूझना पड़ेगा; डेस्क कर्मी हर कदम पर उनका मार्गदर्शन करेंगे।

बुजुर्गों को विशेष तवज्जो

सीनियर सिटीजन्स के लिए अलग से सहायता केंद्र सक्रिय रहेगा, ताकि उन्हें लंबी कतारों और चलने-फिरने में कोई असुविधा न हो।

बच्चों के लिए खुशनुमा माहौल

नन्हें मुसाफिरों के सफर को उबाऊ होने से बचाने के लिए टर्मिनल में उनके खेलने और मनोरंजन के खास इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

सामान की त्वरित डिलीवरी और स्वास्थ्य सुरक्षा

बैगेज काउंटर पर यात्रियों के बैग सुरक्षित और बिना देरी के मिलें, इसकी सख्त निगरानी होगी; साथ ही किसी भी अप्रत्याशित तबीयत बिगड़ने पर फौरी डॉक्टरी मदद के लिए मेडिकल इमरजेंसी टीम हर वक्त अलर्ट मोड पर रहेगी।

संस्कृति की झलक और सीधी राय

बाहर से आने वाले मेहमानों को संगम नगरी की समृद्ध विरासत और धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान से रूबरू कराया जाएगा। इसके अलावा, यात्री अपने अनुभव को सीधे साझा कर सकें, इसके लिए एक 'फीडबैक वाल' भी तैयार की जा रही है।

टर्मिनल परिसर में शुद्ध पेयजल और उच्च स्तरीय साफ-सफाई के साथ शुरू हुआ यह अभियान प्रयागराज एयरपोर्ट के माहौल को अधिक संवेदनशील, दोस्ताना और मुसाफिर-अनुकूल बनाएगा।

यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट रोड की तर्ज पर प्रयागराज की 10 सड़कें होंगी चकाचक, रोड किनारे दिखेंगी रामचरितमानस की चौपाइयां