प्रयागराज में बनने वाली एयरो सिटी के लिए जल्द शुरू होगा जमीन अधिग्रहण, रजिस्ट्री प्रक्रिया होगी आसान
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने एयरो सिटी आवासीय योजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
एयरो सिटी भूमि अधिग्रहण के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था।
किसानों को रजिस्ट्री हेतु एक ही स्थान पर सुविधा।
प्रयागराज में 400 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। एयरो सिटी आवासीय योजना के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान किसानों को अब रजिस्ट्री और दूसरी औपचारिकताओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। इसके तहत एयरपोर्ट के पास ही रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पीडीए और राजस्व विभाग की ओर से यहां अस्थायी कार्यालय भी खोला जाएगा, ताकि किसानों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
किसानों का बचेगा समय, अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगा
एयरपोर्ट के पास पीडीए की ओर से एयरो सिटी विकसित करने के लिए करीब 400 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इतनी बड़ी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करना प्राधिकरण के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रजिस्ट्री और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को एक ही स्थान पर पूरा कराने की योजना बनाई जा रही है।
पीडीए के संपत्ति अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के दौरान कई बार किसान निर्धारित तिथि पर रजिस्ट्री कराने के लिए नहीं पहुंच पाते हैं। इससे भूमि अधिग्रहण में देरी होने की आशंका रहती है। सिंगल विंडो व्यवस्था लागू होने से ऐसी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
एयरपोर्ट के पास अस्थायी कार्यालय खुलने से किसानों को रजिस्ट्री सहित अन्य प्रक्रियाओं के लिए एक ही स्थान पर संबंधित अधिकारियों की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों का समय बचेगा और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज एयरपोर्ट के रनवे का होगा विस्तार, उतर सकेंगे बोइंग-777 और Airbus A-350 जैसे बड़े विमान
