प्रयागराज में सीएम सुरक्षा की रिजर्व ड्यूटी से 44 पुलिसकर्मी गैरहाजिर, मांगा गया स्पष्टीकरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज दौरे के दौरान सुरक्षा ड्यूटी से 44 पुलिसकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस अनुशासनहीनता पर पुलिस ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी के प्रयागराज दौरे पर सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही।
रिजर्व ड्यूटी से 44 पुलिसकर्मी गैरहाजिर, अनुशासनहीनता का आरोप।
पुलिस कमिश्नर ने सभी को लाइन हाजिर कर स्पष्टीकरण मांगा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को आगमन पर पुलिस लाइन में ड्यूटी के लिए रिजर्व रखे गए 44 पुलिसकर्मी नदारद मिले। अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही बरतने वाले सभी 44 पुलिसकर्मी को पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया की सख्ती के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया।
अब डीसीपी प्रोटोकाल और डीसीपी लाइन सभी पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण लेते हुए समीक्षा करेंगे। फिर अलग-अलग स्तर पर दारोगा, दीवान और सिपाही को दंडित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सोमवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पुलिस की ओर से त्रिस्तरीय सुरक्षा-व्यवस्था की गई थी।
विभिन्न थानों में तैनात नौ दारोगा, पांच दीवान समेत कुल 44 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में रिजर्व ड्यूटी में रखा गया था। सभी को अलग-अलग ड्यूटी प्वाइंट बताते हुए अधिकारियों की ओर से ब्रीफिंग दी गई थी, ताकि आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर उन्हें तत्काल मौके पर भेजा जा सके।
इधर, रिजर्व में रखे गए 44 दारोगा, दीवान और सिपाही बिना किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए ड्यूटी से गैरहाजिर हो गए। इसकी जानकारी पुलिस कमिश्नर को हुई तो उन्होंने इसे महत्वपूर्ण ड्यूटी के प्रति लापरवाही मानकर नाराजगी जताई। इसके बाद सभी को लाइन हाजिर कर दिया गया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय विजय ढुल ने बताया कि अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के आरोप में सभी को लाइन हाजिर किया गया है।
