12 अक्टूबर को नई दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदेभारत को हरी झंडी दिखा सकते हैं PM मोदी, 8 घंटे में पूरा होगा सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अक्टूबर को नई दिल्ली और वाराणसी के बीच प्रस्तावित दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा सकते हैं।

HighLights
पीएम मोदी 12 अक्टूबर को हरी झंडी दिखा सकते हैं।
नई दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी दूसरी वंदे भारत स्लीपर।
रेलवे ने दिवाली तक यात्रियों को तोहफा देने का लक्ष्य रखा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नई दिल्ली और वाराणसी के बीच प्रयागराज के रास्ते प्रस्तावित देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के संचालन की तिथियों पर मंथन तेज हो गया है। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अक्टूबर को इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं, हालांकि कार्यक्रम में आंशिक बदलाव भी संभव है।
रेलवे बोर्ड ने तिथियों को लेकर फिलहाल चुप्पी साध रखी है, क्योंकि पीएमओ से अंतिम मंजूरी के बाद ही आधिकारिक घोषणा होगी। रेलवे का लक्ष्य दिवाली तक यात्रियों को यह तोहफा देने का है और 16 कोच वाला अत्याधुनिक रैक ट्रायल के लिए तैयार है।
ट्रेन का शेड्यूल बदला
इस बीच ट्रेन की समय-सारणी में भी संशोधन किया गया है। पूर्व में प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, यह ट्रेन वाराणसी से रात 9:20 बजे चलकर प्रयागराज (रात 10:45) व कानपुर (रात 12:35) होते हुए सुबह 5:00 बजे नई दिल्ली पहुंचती और वापसी में भी दिल्ली से रात 9:20 बजे चलकर सुबह 5:00 बजे वाराणसी आती।
वहीं, अब नई प्रस्तावित समय-सारणी के तहत यह ट्रेन वाराणसी से रात 8:40 बजे रवाना होकर प्रयागराज (रात 10:05) और कानपुर (रात 11:50) होते हुए सुबह 4:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह नई दिल्ली से रात 11:25 बजे चलकर कानपुर (तड़के 3:30) व प्रयागराज (सुबह 5:38) होते हुए सुबह 7:35 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
करीब आठ घंटे 10 मिनट के इस सफर में कुल 823 बर्थ होंगी, जिनमें थर्ड एसी के 11, सेकेंड एसी के चार और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल रहेगा। शुरुआत में इसकी गति 130 किमी प्रति घंटा होगी, जिसे बाद में बढ़ाकर 160 किमी प्रति घंटा किया जाएगा।
