विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस बार ऐतिहासिक होगा अयोध्या का दीपोत्सव; 30 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी, होगा भव्य ड्रोन शो

Published: Tue, 29 Sep 2026 10:01 AM (IST)

इस बार अयोध्या का दीपोत्सव 30 लाख दीयों और 2,100 ड्रोन शो के साथ ऐतिहासिक होने जा रहा है, जिसके लिए यूपीएसटीडीसी ने विशेष टूर पैकेज लॉन्च किया है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. अयोध्या दीपोत्सव में 30 लाख दीये और 2,100 ड्रोन शो।

  2. यूपीएसटीडीसी का 'दीपोत्सव अयोध्या' विशेष टूर पैकेज लॉन्च।

  3. पैकेज में रामनगरी के धार्मिक स्थल दर्शन और भव्य दीपोत्सव अनुभव।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव-2026 इस बार कई मायनों में खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल दीपोत्सव को आकर्षक एवं अविस्मरणीय बनाने की तैयारियों में प्रशासन जुटा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने देश-दुनिया से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष 'दीपोत्सव अयोध्या' टूर पैकेज तैयार किया है।

छह नवंबर से आठ नवंबर तक दो रात और तीन दिन के इस खास पैकेज के तहत रामनगरी के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन के साथ लाखों दीयों से सजी अयोध्या की दिव्य आभा और भव्य दीपोत्सव का अलौकिक अनुभव श्रद्धालु कर सकेंगे।

दीपोत्सव के 10वें संस्करण में रामनगरी में 30 लाख दीपों की रोशनी के साथ 2,100 ड्रोन आसमान में भव्य आकृतियां उकेरेंगे। वहीं 2,100 बटुकों की सामूहिक सरयू आरती, 240 से अधिक मंदिर-मठों में दीप प्रज्वलन, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो समेत कई आयोजन दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे।

अयोध्या आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को यूपीएसटीडीसी ने प्रति व्यक्ति 16,999 रुपए का पैकेज निर्धारित किया है। यह टूर पैकेज महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल सहित अन्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

श्रीराम से जुड़े आस्था स्थलों का भ्रमण

इस पैकेज में ट्विन-शेयरिंग आधार पर होटल में ठहरने, भोजन और एसी वाहन से परिवहन की सुविधा शामिल है। पर्यटक प्रभु श्रीराम से जुड़े दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विशेष टूर पैकेज के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहां के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व से रूबरू कराने व दीपोत्सव की अलौकिक आभा को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

इससे ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान को भी बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि पर्यटकों को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट जैसे नए आकर्षण देखने को मिलेंगे। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट, गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण और उधैला झील में ईको-टूरिज्म विकास भी पर्यटकों के अनुभव को समृद्ध करेगा।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि दीपोत्सव ने बीते वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। प्रयास है कि अयोध्या आने वाला हर पर्यटक यहां से आस्था, आनंद और दीपोत्सव की अविस्मरणीय स्मृतियां लेकर लौटे।

ऐसे करें बुकिंग

दीपोत्सव अयोध्या पैकेज की बुकिंग के लिए यूपीएसटीडीसी की ओर से 8303019844 नंबर जारी किया गया है। इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट www.upstdc.co.in के माध्यम से भी पैकेज की जानकारी एवं बुकिंग कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- भोपाल से अयोध्या व शारजाह के लिए सीधी उड़ान जल्द, इंदौर से बैंकॉक के लिए भी शुरू होगी विमान सेवा; MP के यात्रियों को बड़ा फायदा