विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में माफिया अतीक के पुश्तैनी मकान के पास बनेगा पद्मलोक अपार्टमेंट, 14 मंजिला इमारत में बनेंगे 602 फ्लैट

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:33 AM (IST)

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) कसारी-मसारी आवास योजना में पद्मलोक अपार्टमेंट का निर्माण करेगा, जिसमें 191.20 करोड़ रुपये की लागत से 14 मंजिला इमारत में 602 फ्लैट बनाए जाएंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटडे है

यह तस्वीर AI जेनेरेटडे है

HighLights

  1. पद्मलोक अपार्टमेंट में 191 करोड़ की लागत से 602 फ्लैट बनेंगे।

  2. यह परियोजना माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त जमीन पर है।

  3. नवरात्र में भूमि पूजन और दीपावली से बुकिंग शुरू होगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कसारी-मसारी आवास योजना में अब शहर को एक और बड़ी आवासीय परियोजना मिलने जा रही है। माफिया अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान के पास प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से पद्मलोक अपार्टमेंट विकसित किया जाएगा।

इसकी जमीन अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई है। करीब 191.20 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में 14 मंजिल का ग्रुप हाउसिंग परिसर तैयार होगा। नवरात्र में परियोजना का भूमि पूजन प्रस्तावित है, जिसके बाद दीपावली से बुकिंग शुरू कराई जाएगी।

पीडीए की योजना के मुताबिक कसारी-मसारी आवास योजना में करीब 9811 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अपार्टमेंट का निर्माण कराया जाएगा। इसमें कुल 602 आवासीय फ्लैट बनाए जाएंगे। सभी फ्लैट दो बेडरूम, हाल और रसोई (2 बीएचके) श्रेणी के होंगे।

प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 56 वर्ग मीटर से अधिक रखा जाएगा, ताकि परिवारों को अपेक्षाकृत बेहतर आवासीय सुविधा मिल सके। बहुमंजिला भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ फ्लैट तैयार किए जाएंगे। आठ लिफ्ट लगाई जाएगी।

परियोजना को ग्रुप हाउसिंग के तहत विकसित किया जाएगा। पीडीए की ओर से इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि रेरा से अनुमति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। निर्माण के दौरान ही विक्री प्रक्रिया सभी शुरू की जाएगी।

एयरो सिटी के लिए भूमि की जल्द शुरू होगी खरीद

पीडीए की ओर से एयरपोर्ट के पास विकसित की जाने वाली टाउनशिप के लिए जमीनों की खरीदने की प्रक्रिया एक माह के भीतर शुरू की जाएगी। अलग-अलग फेज में जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 100 हेक्टेयर जमीन की खरीदारी पहले फेज में की जाएगी।

टाउन शिप की जद में जितने भी काश्तकारों की जमीन आ रही है उन सभी से पीडीए के अधिकारियों की वार्ता पूरी हो गई है। दीपावली के पहले खरीदारी शुरू कर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में घर लेने का बढ़िया मौका! 465 फ्लैट बेचेगा PDA, 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर होगी बुकिंग