माघ मेला में 200 किमी तक बिछाई जाएगी चकर्ड प्लेट, नौ पीपा पुल का भी होगा निर्माण; 16 करोड़ रुपये होंगे खर्च
प्रयागराज के माघ मेला में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मेला क्षेत्र में ...और पढ़ें

माघ मेला में 200 किलोमीटर तक बिछाई जाएगी चकर्ड प्लेट।
HighLights
माघ मेला में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाया जाएगा।
200 किलोमीटर चकर्ड प्लेट और नौ पीपा पुल बनेंगे।
आठ पुलिया निर्माण पर 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मेला क्षेत्र में करीब 200 किलोमीटर के दायरे में चकर्ड प्लेट बिछाकर लोहे की सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा नौ पीपा पुल का निर्माण किया जाएगा। लगभग आठ पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
इन सभी कार्यों पर 16 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। संगम क्षेत्र में गंगा का जलस्तर कम होने के बाद चकर्ड प्लेट बिछाने के लिए निर्धारित मार्गों का सर्वे कराया जाएगा।
माघ मेला में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु संगम स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मेला क्षेत्र में आवागमन को व्यवस्थित रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है।
रेतीले रास्तों पर वाहनों और पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए चकर्ड प्लेट बिछाकर अस्थायी सड़कें तैयार की जाती हैं।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड चार कुंभ मेला के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि माघ मेला में कार्य को कराने की लिए पीडब्ल्यूडी को 16 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसी बजट से सभी कार्यों को कराया जाएगा।
