माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का 'चक्रव्यूह' तैयार, पहली बार तैनात होगा हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम
माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पहली बार एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किया जाएगा, जो अवैध ड्रोन को निष्क्रिय करेगा।

एंटी ड्रोन सिस्टम को एक्टिवेट करते डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव
HighLights
माघ मेले में पहली बार एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती।
अवैध ड्रोन को निष्क्रिय कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
देव दीपावली पर होगा इस आधुनिक तकनीक का पायलट परीक्षण।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दिव्य और भव्य महाकुंभ की तरह इस बार माघ मेला में भी एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किया जाएगा। एंटी ड्रोन सिस्टम मेला क्षेत्र उड़ने वाले अवैध ड्रोन को मार गिराएगा। माघ मेले में पहली बार आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। इससे पहले पायलट प्रोजेक्ट के तहत मंगलवार को देव दीपावली के अवसर पर एंटी ड्रोन सिस्टम का परीक्षण किया जाएगा।
सोमवार को डीसीपी माघ मेला ने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ परीक्षण संबंधी तैयारियों को परखा। माघ मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों, कल्पवासियों और पर्यटकों के आने का अनुमान है। ऐसे में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखते हुए पुलिस अधिकारियों की ओर से जल, थल और नभ में सुरक्षा का चक्रव्यूह तैयार किया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में अवैध तरीके से ड्रोन उड़ने के कारण असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिस पर नियंत्रण रखने और प्रभावी निगरानी के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम को 24 घंटे एक्टिव किया जाएगा। संगम क्षेत्र में स्थापित होने वाला एंटी ड्रोन सिस्टम करीब छह किलोमीटर के दायरे में बिना अनुमति उड़ने वाले ड्रोन को निष्क्रिय कर देगा।
पहले चरण में संगम क्षेत्र उसके बाद झूंसी और नागवासुकी क्षेत्र में भी एंटी ड्रोन सिस्टम को स्थापित किए जाने की तैयारी है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित, सुदृढ़ किया जा सके। यह प्रणाली बिना अनुमति आसमान में किसी भी ड्रोन को मंडराने नहीं देगा।
दो तरह से करता है काम
एंटी-ड्रोन सिस्टम, ड्रोन की गतिविधियों को ट्रैक करके उन्हें निष्क्रिय करने या खत्म करेगा। यह सिस्टम ड्रोन से जुड़ी जानकारी एकत्र करके उसे आपरेटर को देता है। ड्रोन का पता लगाने के बाद यह दो तरह से काम करता है- हार्ड किल और साफ्ट किल। हार्ड किल कमांड से यह अपने लेजर बीम के जरिए ड्रोन को नष्ट कर देता है। साफ्ट किल में यह ड्रोन को नीचे लाता या फिर लेजर बीम के जरिये उसके जीपीएस और इलेक्ट्रानिक उपकरणों को खराब कर देता है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में चौक में बनेगी भूमिगत पार्किंग, 200 कार व 400 बाइक एक साथ खड़ी हो सकेंगी, जाम से मिलेगी राहत
ड्रोन उड़ाने को लेनी होगी अनुमति
माघ मेला क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के लिए मेला पुलिस से अनुमति लेनी होगी। इसमें संबंधित व्यक्ति को अपने ड्रोन के माडल, उड़ाने का उद्देश्य, स्थान और समय भी बताना होगा। अनुमति देने से पहले पुलिस की ओर से ड्रोन के लिए बेहतर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी।
माघ मेले में पहली बार एंटी ड्रोन सिस्टम को लागू किया जा रहा है। मंगलवार को पायल प्रोजेक्ट के तहत इसका तकनीक परीक्षण किया जाएगा। इस प्रणाली से श्रद्धालुओं को सुरक्षा को बेहतर बनाया जाएगा।- विवेक चंद्र यादव, डीसीपी माघ मेला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।