विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माघ मेला 2027: भीड़ नियंत्रण का नया खाका, मेले के दौरान प्रयागराज में शहर में प्रतियोगी परीक्षाएं टालने का सुझाव

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 11 Sep 2026 04:50 PM (IST)

माघ मेला 2027 को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ...और पढ़ें

प्रयागराज में माघ मेला 2027 के अवसर पर भीड़ नियंत्रण व जाम न लगे, इसकी कवायद शुरू हो गई है।

प्रयागराज में माघ मेला 2027 के अवसर पर भीड़ नियंत्रण व जाम न लगे, इसकी कवायद शुरू हो गई है।

HighLights

  1. मेला अवधि में परीक्षाएं टालने की सलाह, जाम और स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ से मिलेगी राहत

  2. छह लेन पुल से प्रयाग स्टेशन पर बढ़ेगा दबाव, व्यवस्थाओं को परखने के लिए होगा साझा सर्वेक्षण

  3. माघ मेला को सुगम-सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला 2027 को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। गुरुवार को डीआरएम दफ्तर के ‘संकल्प सभागार’ में दोनों विभागों के शीर्ष अफसरों का साझा मंथन हुआ। बैठक में सबसे अहम सुझाव मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने रखा।

उन्होंने कहा कि मेले के मुख्य दिनों में शहर के भीतर प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन न कराया जाए। इससे न केवल सड़कों और स्टेशनों पर अचानक उमड़ने वाली अतिरिक्त भीड़ से राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों और कल्पवासियों को भी जाम के झाम से नहीं जूझना पड़ेगा।

अफसरों ने अंदेशा जताया कि गंगा पर बने नए छह लेन पुल की वजह से इस बार प्रयाग जंक्शन पर श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ सकती है। इसे देखते हुए प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी, सूबेदारगंज और प्रयाग स्टेशन पर यात्रियों के आने-जाने के अलग रास्ते तय करने पर जोर रहा।

रेलवे और प्रशासन की साझा रणनीति में कई मुद्दों पर सहमति बनी। इसमें निर्णय हुआ कि रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक टीमें मिलकर सभी प्रमुख स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी, ताकि भीड़ की निकासी और सुरक्षा के पक्के इंतजाम हो सकें। दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए अतिरिक्त गाड़ियों का खाका तैयार होगा। होल्डिंग एरिया में कतारबद्ध आवाजाही, चौबीसों घंटे शुद्ध पेयजल, निरंतर सफाई और कड़ी सुरक्षा निगरानी के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

बैठक में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया, कमिश्नर डा. लोकेश एम. और डीएम मनीष कुमार वर्मा ने रेलवे की प्रस्तावित योजनाओं पर सहमति जताई। सभी अफसरों का एक स्वर में कहना था कि मजबूत तालमेल और समय से पहले की गई चाक-चौबंद प्लानिंग से ही करोड़ों श्रद्धालुओं का सफर सुखद बनाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज से लखनऊ और अयोध्या समेत कई शहरों का रोडवेज बस किराया बढ़ा, फाफामऊ पुल पर प्रतिबंध बनी वजह

यह भी पढ़ें- प्रयागराज रेलवे घूसकांड: सीबीआई ने APO और OS पर कसा शिकंजा, मुकदमा दर्ज; तबादले के नाम पर मांगी थी रिश्वत