कौशांबी में हत्या: दवा लेने घर से निकले युवक को धारदार हथियार से मार डाला, खेत में मिला रक्तरंजित शव
कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के समदा गांव में 24 अगस्त की रात एक युवक की धारदार हथियार से गला ...और पढ़ें
HighLights
मंझनपुर थाना क्षेत्र के समदा गांव में मंगलवार सुबह गला रेता शव मिला
समदा गांव का रहने वाला था युवक, पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
जागरण संवाददाता, कौशांबी। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव में 24 अगस्त की रात युवक की धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह खेत में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लिया। फिलहाल युवक के परिवार के लोगों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
समदा निवासी 40 वर्षीय शकील अहमद पुत्र इबले हसन 24 अगस्त को छोटे भाई के लिए दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह उन्हें खेत में शकील के शव पड़े होने की सूचना मिली। हत्यारों ने धारदार हथियार से उसका गला रेता था।
हत्या की सूचना पर मंझनपुर कोतवाली इंस्पेक्टर विनीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। सीओ सिटी सौरभ सामंत का कहना है हत्या का कारण और आरोपितों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। युवक के परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
