कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में अब लेखपाल व राजस्व निरीक्षक पर कार्रवाई, लापरवाही पर किए गए निलंबित
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में लापरवाही बरतने पर कई लेखपालों और राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। ...और पढ़ें

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में लेखपाल व राजस्व निरीक्षक निलंबित किए गए।
HighLights
दायित्व के निर्वहन में शिथिलता बरतने के आरोप में हुई कार्रवाई
सहायक चकबंदी अधिकारी पर विभागीय कार्यवाही आख्या प्रेषित
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कौशांबी पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में पुलिस और प्रशासन का शिकंजा लापरवाही व शिथिलता बरतने वालों पर कसता जा रहा है। अब तहसील प्रशासन की ओर से पदीय दायित्वों के निर्वहन में परिलक्षित शिथिलता के आरोप में वर्तमान में तैनात क्षेत्रीय लेखपाल दीपक सिंह एवं क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक देवी प्रसाद सहित निलंबन अवधि चार मार्च 2024 से ग्राम महमूदपुर एवं चिल्ला शाहबाजी में तैनात रहे लेखपाल रितेन्द्र सिंह, मुमताज अहमद, चन्द्रकान्त, संतोष यादव, रितेन्द्र सिंह, रवि सिंह एवं राजेन्द्र प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पर्यवेक्षणीय दायित्वों में परिलक्षित शिथिलता के लिए सहायक चकबन्दी अधिकारी/सम्बद्ध नायब तहसीलदार संजय कुमार के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही हेतु चकबन्दी आयुक्त, लखनऊ को आख्या प्रेषित की गई है। प्रकरण में प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही निर्धारित करते हुए दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
31 अगस्त को कौशांबी के मनौरी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट घटना को तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रथम दृष्टया उत्तरदायित्व निर्धारित करके कार्यवाही हुई। पुलिस अधीक्षक द्वारा पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही व उदासीनता पाए जाने पर थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह, चौकी प्रभारी चायल उप निरीक्षक अमित द्विवेदी व पूर्व चौकी प्रभारी चायल उनि मनीष पाल को लाइन हाजिर किया गया। निलम्बन की कार्यवाही हेतु संस्तुति सहित रिपोर्ट पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज परिक्षेत्र को प्रेषित की गई।
अक्टूबर 2024 से थाना पिपरी में तैनात रहे थानाध्यक्षों एवं पुलिस चौकी प्रभारियों के निलम्बन की कार्यवाही हुई है। इसके साथ ही थाना पिपरी पर नियुक्त बीट आरक्षी जीतेंद्र कुमार व आरक्षी कृष्ण कुमार को पटाखा फैक्ट्री के संचालन संबंधी सूचना न दर्ज कराने के कारण तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन संबंधी पदीय दायित्वों के निर्वहन में बरती गई लापरवाही के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी मंगेश कुमार एवं अग्निशमन अधिकारी-द्वितीय अशोक कुमार के विरुद्ध कार्यवाही हेतु अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएँ मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 लखनऊ को आख्या प्रेषित की गई है।
