दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदेभारत को दिवाली से पहले शुरू करने की तैयारी, इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
दिल्ली और वाराणसी के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस दिवाली तक शुरू होने की तैयारी में है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिल्ली-वाराणसी के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी।
यह ट्रेन प्रयागराज और कानपुर होते हुए रात में चलेगी।
दिवाली तक शुरू होने की संभावना, ट्रायल इसी महीने।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। हावड़ा-कामाख्या रूट के बाद अब भारतीय रेलवे देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिल्ली और वाराणसी के बीच चलाने की तैयारी में जुटा है।
संगम नगरी प्रयागराज और औद्योगिक शहर कानपुर के रास्ते गुजरने वाली यह सेमी-हाई-स्पीड रात्रिकालीन सेवा यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहद आरामदायक सफर का विकल्प देगी। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य आगामी दिवाली तक इसे पटरियों पर उतारने का है, जिसका बहुप्रतीक्षित ट्रायल इसी महीने शुरू होने की संभावना है।
प्रस्तावित योजना के तहत यह ट्रेन रात 9:20 बजे वाराणसी कैंट से रवाना होगी और रात 10:45 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इसके बाद देर रात 12:35 बजे कानपुर सेंट्रल होते हुए भोर में ठीक पांच बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी।
एक साथ 823 यात्री कर सकेंगे सफर
वापसी में भी नई दिल्ली से इसका प्रस्थान रात 9:20 बजे और वाराणसी पहुंचने का समय सुबह पांच बजे रहेगा। ट्रैक की स्थिति और मिशन रफ्तार परियोजना के अनुरूप इसकी रफ्तार 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहेगी, जिससे यात्रा के समय में भारी बचत होगी।
कुल 16 कोच वाली इस हाई-टेक ट्रेन में एक साथ 823 यात्री सफर कर सकेंगे। इसमें मुसाफिरों की सुविधा के लिए थर्ड एसी के 11, सेकेंड एसी के चार और फर्स्ट एसी का एक डिब्बा शामिल रहेगा। इस ट्रेन के प्राथमिक रखरखाव की जिम्मेदारी उत्तर रेलवे संभालेगा।
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) एनसीआर के सदस्य एवं सांसद प्रवीण पटेल का कहना है कि स्वदेशी तकनीक से निर्मित इस स्लीपर ट्रेन के शुरू होने से प्रयागराज और वाराणसी से दिल्ली की दूरी सिमट जाएगी और सफर बेहद सुगम होगा। फिलहाल रेलवे बोर्ड की तरफ से ट्रेन नंबर, टिकट किराये और नियमित संचालन की तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
