Gold Silver Rates Hike : आभूषण बाजार में खरीदारी सुस्त, रक्षाबंधन व तीज पर हल्के वजन वाले सोने-चांदी के गहनों की मांग
Gold Silver Rates Hike प्रयागराज में सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल से आभूषण बाजार में खरीदारी सुस्त पड़ गई ...और पढ़ें

Gold Silver Rates Hike प्रयागराज के चौक स्थित सराफा बाजार में सन्नाटा। जागरण
HighLights
एक माह में 10 ग्राम सोना 16,700 रुपये व चांदी 19,500 रुपये प्रति किलो महंगी हुई
आभूषण बाजार में खरीदारी सुस्त, ग्राहक हल्के गहने पसंद कर रहे।
राजेंद्र यादव, प्रयागराज। Gold Silver Rates Hike सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी आने से सराफा बाजार में खरीदारी की रफ्तार धीमी पड़ गई है। एक माह में दोनों कीमती धातुओं के दाम में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। 22 जुलाई को जहां 10 ग्राम सोने की कीमत 1,41,800 रुपये थी, वहीं अब यह बढ़कर 1,58,500 रुपये पहुंच गई है। इसी तरह एक किलो चांदी की कीमत 2,24,000 रुपये से बढ़कर 2,43,500 रुपये हो गई है। यानी एक माह में सोना 16,700 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 19,500 रुपये प्रति किलो महंगी हुई है।
सराफा कारोबारियों को पर्व पर बिक्री की उम्मीद
लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आभूषणों की खरीदारी पर दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में रक्षाबंधन और हरतालिका तीज जैसे प्रमुख त्योहार हैं। इन अवसरों पर महिलाएं आभूषणों की खरीदारी करती हैं। ऐसे में सराफा कारोबारी प्रिया सिंह, शोभनाथ स्वर्णकार, अनूप वर्मा को उम्मीद है कि त्योहारों के नजदीक बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी।
ग्राहकों को नए डिजाइन की हल्की ज्वेलरी लुभाएगी
Gold Silver Rates Hike ग्राहक पहले जहां एक साथ कई ग्राम वजन के आभूषण खरीदने की योजना बनाते थे, वहीं अब कम वजन के गहनों पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए डिजाइन की हल्की ज्वेलरी चेन, अंगूठी, छोटे झुमके, पेंडेंट, नोज पिन, बाली और कंगन मंगाए गए हैं। उनका कहना है कि महंगाई के दौर में ग्राहक को उसकी पसंद का आभूषण भी मिल जाए और उसकी जेब पर अधिक बोझ भी न पड़े, इसी को ध्यान में रखते हुए हल्के वजन के गहनों का स्टाक बढ़ाया गया है।
आइए जानें महिलाएं क्या कहती हैं?
सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में भारी आभूषण खरीदना बजट से बाहर हो गया है। त्योहार पर कुछ नया पहनने की इच्छा है, इसलिए हल्के वजन की चेन या पेंडेंट खरीदेंगे।
-सोनी पाल।
पहले पर्वों पर गहने खरीदने के लिए अलग से बजट रखते थे। अब कीमत काफी बढ़ गई है। ऐसे में ऐसा आभूषण खरीदा जाएगा, जिसकी डिजाइन अच्छा हो और वजन कम हो
- श्रेया सिंह।
सोने के भाव में इतनी तेजी से भारी गहने खरीदने का मन नहीं है। पर्व पर पहनने के लिए हल्के झुमके या अंगूठी लेने की योजना है। आगे कीमत कम हुई तो बड़ा आभूषण खरीदूंगी।
- प्रेमा मिश्रा।
रक्षाबंधन व तीज पर गहने खरीदने की इच्छा होती है, लेकिन कीमत बढ़ने से खर्च का हिसाब बिगड़ जाता है। इसलिए इस बार वह कम वजन की ज्वेलरी खरीदने की सोच रही हूं।
- मुस्कान गुप्ता।
सोने की कीमत में लगातार तेजी का असर बिक्री पर पड़ा है। ग्राहक दुकानों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन खरीदारी करने से पहले कई दुकानों पर कीमत और डिजाइन की जानकारी ले रहे हैं। भारी आभूषणों की तुलना में हल्के गहनों की मांग अधिक है। त्योहारों को देखते हुए हल्की चेन, पेंडेंट, अंगूठी, छोटे झुमके और बाली जैसे आभूषणों के स्टाक सभी कारोबारियों ने मंगवाए हैं। त्योहारों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
-दिनेश सिंह, जिलाध्यक्ष, इलाहाबाद सराफा एसोसिएशन।
