विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चुनावी चक्रवात में चारों खाने चित पार्टियां धूर्ततापूर्ण कमाल का प्रयास कर रही हैं' : मुख्तार अब्बास नकवी

By Amlendu Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 19 May 2026 03:04 PM (IST)

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रयागराज में विपक्ष पर निशाना साधा, कहा देश में सुशासन और सनातन का ...और पढ़ें

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का प्रयागराज में स्वागत करते भाजपा कार्यकता व अन्य। जागरण

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का प्रयागराज में स्वागत करते भाजपा कार्यकता व अन्य। जागरण

HighLights

  1. पूर्व केंद्रीय मंत्री का प्रयागराज आगमन, विपक्ष पर किया कटाक्ष

  2. कहा- देश में सुशासन और सनातन का अमृत काल चल रहा है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी  मंगलवार को संगम नगरी में हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों को घेरते हुए कहा, चुनावी चक्रवात में चारों खाने चित पार्टियां चाकलेटी चंडाल चौकड़ी की घासलेटी धमाचौकड़ी में लगी हैं। वे धूर्ततापूर्ण धमाल के कमाल का प्रयास कर रही हैं। उन्हें समझना होगा कि देश में सुशासन और सनातन का अमृत काल चल रहा है।

भाजपा समावेशी सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ रही

सर्किट हाउस में अनौपचारिक बातचीत में बिना नाम लिए कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। कहा, कभी लोकतंत्र पर सवाल तो कभी जनादेश पर बवाल की बकवास बहादुरी प्रतिस्पर्धा इन पार्टियों को राजनीतिक रण में रणछोड़ बहादुरी के रंगरूटों का रंगमंच बना दिया है। दशकों की सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की सियासत अब दरकिनार हो चुकी है। भाजपा समावेशी सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ रही है।

'वोट चोरी' का हारर शो जनता के बीच टांय-टांय फिस्स

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थानों की सामंती लिंचिंग और लोकतांत्रिक मूल्यों, जनतांत्रिक जनादेश के खिलाफ दुराग्रह पूर्ण दुष्प्रचार में लगे हिट एंड रन के हुड़दंगी हिस्ट्रीशीटर गच्चा खा रहे हैं। ऐसे डपोरशंखों को जनतांत्रिक वोट को जनादेश में खोट बताने की सनक से बाहर आना होगा। कांग्रेस निर्मित व निर्देशित 'वोट चोरी' का हारर शो जनता के बीच टांय-टांय फिस्स हो रहा है। प्रजातंत्र को परिवार तंत्र का बंधक बनाने की सनक बिहार, पश्चिम बंगाल, असम के चुनाव में धराशाई हुई। उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में भी धूलधूसरित होगी।

22 राज्यों में सुशासन का ध्वज फहरा रहा

भाजपा और सहयोगी दलों का भारत की 78 प्रतिशत आबादी और 22 राज्यों में सुशासन का ध्वज फहरा रहा है। वैश्विक संकट के दौर में नरेंद्र मोदी के रूप में भारत को स्टेबिल (कामयाब) सरकार और कैपेबिल (क़ाबिल) नेतृत्व मिला है, जो संकटमोचक बना है। वर्तमान वैश्विक संकट में भी वह सरकार, समाज संयम, समझदारी और सावधानी से वैश्विक संकट से मुक्ति दिलाने में सफल होगा।

कुछ लोग सियासी व्यवधान में डटे हैं

विपक्ष को घेरते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा, कुछ लोग संकट के समाधान में जुटने के बजाय सियासी व्यवधान में डटे हैं। वर्ष 2027 के संदर्भ में पूर्व मंत्री ने कहा, लफ्फाजी के लाट साहबों और झांसे के झंडाबरदारों को झटका झेलना पड़ेगा। कांग्रेस, सपा परिवारतंत्र का जुगाड़ का जमघट भी जनादेश के पनघट पर नहीं पहुंचा पाएगा।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में जघन्य वारदात : 8 वर्षीय बालिका की चचेरे बाबा ने पीटकर हत्या की, घर में भूसा के बीच छिपा दी लाश

यह भी पढ़ें- 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को प्रयागराज एसटीएफ ने गिरफ्तार किया, बांदा में छिपा था दबोचा गया