विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर आसमान छू रही फ्लाइट टिकट, बेंगलुरु-हैदराबाद से प्रयागराज का किराया पहुंचा 24 हजार रुपये के पार

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:26 PM (IST)

दीपावली पर प्रयागराज आने वाले यात्रियों के लिए हवाई टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं, बेंगलुरु और हैदराबाद से किराया 24 हजार रुपये के पार हो गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. बेंगलुरु से प्रयागराज हवाई किराया 27,502 रुपये तक पहुंचा।

  2. हैदराबाद से प्रयागराज का किराया 24 हजार रुपये के पार।

  3. सीमित उड़ानों और बढ़ी मांग से किराया तीन-चार गुना बढ़ा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दीपावली पर घर आ रहे प्रवासियों की जेब पर विमानन कंपनियों ने भारी डाका डालना शुरू कर दिया है। सीमित उड़ानों और बढ़ी डिमांड से विमानों का किराया तीन से चार गुना बढ़ गया है।

आठ नवंबर को दीपावली है, लेकिन पांच नवंबर को बेंगलुरु से प्रयागराज का किराया 27,502 रुपये और हैदराबाद से 24 हजार रुपये का आंकड़ा पार कर गया है। सामान्य दिनों में बेंगलुरु व हैदराबाद से किराया अधिकतम सात-आठ रुपये ही रहता है।

वहीं, मुंबई से अकासा एयर का किराया 16 हजार और इंडिगो का 18 हजार रुपये, भुवनेश्वर का किराया पांच नवंबर को 20,554 रुपये (चार नवंबर को 19 हजार) है, दिल्ली से प्रयागराज का किराया भी 16 हजार रुपये तक पहुंच चुका है।

'फ्लैक्सी फेयर' प्रणाली के कारण दीपावली तक प्रति सीट 10 हजार रुपये तक किराया और बढ़ेगा। बेंगलुरु में काम कर रहे मलाका के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर आलोक बताते हैं कि 'त्योहार पर घर जाना मजबूरी है, लेकिन एयरलाइंस हमारी इस मजबूरी का नाजायज फायदा उठा रही हैं।

बेंगलुरु से 27 हजार का टिकट खरीदना बजट से बाहर है।' हैदराबाद में एक निजी बैंक में काम करने वाले शुक्ला मार्केट सलोरी के मनीष त्रिपाठी बताते हैं कि ' जिस सफर का किराया सामान्य दिनों में सात हजार था, उसके लिए अब 24 हजार से ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं।

प्रशासन को स्पेशल फ्लाइट चलानी चाहिए।' नैनी की रहने वाली उद्घोषिका श्वेता श्रीवास्तव बताती हैं कि दीपावली से दो दिन पहले एक कार्यक्रम में दिल्ली जाना है, लेकिन वापसी का किराया तो अनुबंध राशि से भी ज्यादा है। हवाई टिकटों की यह बेतहाशा लूट त्योहार फीका कर रही है।

यह भी पढ़ें- भव्य होगा Magh Mela 2027, संगम तट पर 12 ज्योतिर्लिंग के होंगे दर्शन; पहली बार चलेगी टॉय ट्रेन

ट्रेन में प्रतीक्षा सूची लंबी

हवाई सफर के किराये बेकाबू होने के बाद अब यात्रियों ने राहत के लिए ट्रेनों का रुख करना शुरू कर दिया है। स्थिति यह है कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद रूट की किसी भी ट्रेन में जगह नहीं है। दीपावली से हफ्ताभर पहले ''नो रूम'' की स्थिति बन गई है। ''दीपावली स्पेशल ट्रेनें'' ही यात्रियों का सहारा है। ऐसे में अंतिम समय में रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ और अफरा-तफरी मचनी तय है।

 

  • 05 शहरों के लिए है विमान सेवा
  • 15-20 हजार रुपये तक बढ़ गया किराया
  • 5,000 यात्री दीपावली पर एक सप्ताह में विमान से आते हैं प्रयागराज